Azamgarh News: एक रात में पांच घरों के टूटे ताले, 31 लाख के जेवर और नकदी चोरी; फॉरेंसिक टीम ने की जांच
Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में गंभीरपुर थाना और जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में पांच स्थानों पर चोरी की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विस्तार
Azamgarh Crime News: आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बरबसपुर गांव में बुधवार की रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया और जेवरात व नकदी चोरी की। चोरों ने खिड़की व छत के रास्ते घरों में प्रवेश किया जबकि घर के लोग गर्मी के कारण बाहर सो रहे थे।
घटना की सूचना गुरुवार सुबह ग्रामीणों को हुई जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। गंभीरपुर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।
बरबसपुर गांव निवासी अजय यादव परिवार के साथ घर के बाहर सोए हुए थे। चोर छत के रास्ते घर में घुसे और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद बक्सा तोड़कर 22 हजार नकदी, मंगलसूत्र, चैन, नथिया, झुमका सहित 15 लाख के आभूषण लेकर भाग गए। इसके बाद चोरों ने राजेश यादव के घर को अपना निशाना बनाया।
चोरों ने घर के पीछे रोशनदान काटकर प्रवेश किया और हार, मंगलसूत्र, झुमका, पाजेब, नथिया समेत 10 लाख रुपये के जेवरात लेकर भाग गए। वहीं, प्रवेश यादव के घर से 8,000 नकदी और मंगलसूत्र, चैन, अंगूठी, मांगटीका, नथिया, पायल समेत छह लाख के जेवर लेगर भाग गए। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकरी मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है। फॉरेंसिक टीम की मदद से फिंगरप्रिंट, फॉरेंसिक सबूत और डॉग स्क्वॉड की मदद से चोरों का सुराग तलाशा जा रहा है।
मुहम्मदपुर गांव में दो घरों से जेवर चोरी
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव में बुधवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए जेवरात चोरी कर लिए। नन्हे राय के घर में हुई घटना में चोर जंगला काटकर अंदर घुसे और जेवरात और अन्य सामान समेटकर फरार हो गए। रात 10 बजे नन्हे राय के घर के सभी सदस्य सोने चले गए थे। सुबह जब घर में गए तो देखा कि अलमारी, दो अटैची और संदूक के ताले टूटे हुए थे।
चोर घर से मंगलसूत्र, सीकड़, दो झुमके, दो अंगूठी, दो पायल समेत अन्य कीमती जेवरात लेकर चले गए। चोरी गए जेवरात की कीमत पांच लाख रुपये आंकी जा रही है। वहीं, चोरी से पहले चोर बगल के घर सुधाकर राय के दूसरे तल्ले पर चढ़े जहां एक दरवाजा तोड़कर दो बक्सों के ताले तोड़े। जीयनपुर कोतवाल जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।