आजमगढ़ शराब कांड: सरकारी दुकान से बेची गई शराब पीने से दस लोगों की मौत पर गुस्सा, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
जानकारी होने पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझा कर जाम खत्म कराया। घटना को लेकर लोगों में विभागीय उदासीनता को लेकर आक्रोश है।
विस्तार
आजमगढ़ में अहरौला थाना के माहुल कस्बे में स्थित सरकारी दुकान से बेची गई शराब पीने से दस लोगों की हुई मौत को लेकर आक्रोशित लोगों ने सोमवार की दोपहर दो बजे माहुल कस्बे में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। जाम साढ़े तीन बजे तक चला।
जानकारी होने पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझा कर जाम खत्म कराया। घटना को लेकर लोगों में विभागीय उदासीनता को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस व आबकारी विभाग की मिलीभगत से अवैध शराब का धंधा चल रहा है। नाराज लोगों ने माहुल कस्बे में दोपहर दो बजे जाम लगा कर प्रदर्शन किया।
घटना की खबर अमर उजाला के वेब पोर्टल पर चलने के बाद पुलिस व प्रशासनिक महकमा सक्रिय हुआ। इसके बाद जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी, एसपी अनुराग आर्य, एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ, सीओ बूढ़नपुर पहुंचे। बड़ी तादात में पुलिस फोर्स भी पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझा कर जाम समाप्त कराया।
24 घंटे में शराब पीने वालों को चिह्नित कर उन्हें अस्पताल भेजने की कवायद शुरू की गई। किसी को सीएचसी अहरौला तो किसी को सीएचसी फूलपुर भेजा गया। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल भेजने की कवायद में भी महकमा जुटा रहा।