आजमगढ़ : गैंगेस्टर में वांछित की तलाश में पहुंची गोरखपुर पुलिस पर हमला
- गोरखपुर पुलिस ने दर्ज कराया तीन नामजद समेत 15 अज्ञात पर मुकदमा
- रौनापार थाना क्षेत्र के चांदपट्टी गांव में दबिश देने के लिए पहुंची थी गोरखपुर पुलिस
विस्तार
आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के चांदपट्टी गांव निवासी एक युवक पर गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाने में गैंगेस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज है। गोरखपुर पुलिस शनिवार को चांदपट्टी गांव आरोपी के घर दबिश देने पहुंची थी। इस दौरान गोरखपुर पुलिस पर गैंगेस्टर में वांछित अभियुक्त के साथ ही उसके सहयोगियों ने हमला बोल दिया। घटना के बाबत गोरखपुर पुलिस के एसआई ने रौनापार थाने में तीन नामजद समेत 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
चांदपट्टी गांव निवासी नौशाद पुत्र मुमताज के खिलाफ गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाने में गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत है। शनिवार को बड़हलगंज पुलिस को कहीं से सूचना मिली कि नौशान अपने घर पर मौजूद है। इस सूचना पर बड़हलगंज थाने की पुलिस एसआई राकेश कुमार के नेतृत्व में रौनापार थाने पहुंची। यहां से स्थानीय पुलिस को लेकर चांदपट्टी गांव स्थित नौशाद के घर पर दबिश के लिए गई। गांव में पुलिस के पहुंचते ही नौशान व उसके साथ चौकन्ना हो गए।
घर पर पुलिस द्वारा धावा बोलते ही सभी ने मिल कर पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। गोरखपुर पुलिस की सूचना पर जब तक रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक नौशाद के अलावा अन्य हमलावर मौके से फरार हो गए। रौनापार पुलिस ने नौशाद के घर पर छापामारी की कार्रवाई की लेकिन कोई भी नहीं मिला।
घटना के बाबत गोरखपुर पुलिस के एसआई राकेश कुमार ने रौनापार थाने में नौशाद समेत तीन नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया। एसओ रौनापार तारकेश्वर राय ने बताया कि गैंगेस्टर में वांछित अभियुक्त को पकड़ने के लिए बड़हलगंज थाने की पुलिस चांदपट्टी गांव आयी थी। पुलिस के साथ नौशान व उसके साथियों ने मारपीट किया है। मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।