अजीत हत्याकांड में सामने आया आजमगढ़ कनेक्शन, गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ में हुए अजीत सिंह हत्याकांड के तार एक के बाद एक कर आजमगढ़ जनपद से जुड़ते जा रहे हैं। लखनऊ पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक शूटर को गिरफ्तार कर लेने का दावा किया है। वहीं, चार शूटर आजमगढ़ के बताए जा रहे हैं। सूचना के बाद से जनपद पुलिस में हड़कंप मच गया है। लखनऊ पुलिस के दावे को देखते हुए जनपद पुलिस ने भी इस प्रकरण को लेकर जाल बिछाना शुरू कर दिया है।
फिलहाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुंटू और अखंड के करीबियों को चिह्नित करने के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों की तलाश में लखनऊ पुलिस की टीम के भी जिले में आने की चर्चाएं हैं। हालांकि इसकी पुष्टि एसपी नहीं कर रहे हैं। अपने स्तर से जांच-पड़ताल कराने का दावा कर रहे हैं।
हत्याकांड के बाद से ही जिले से तार जुड़ने के सुराग मिलने लगे थे, लेकिन अब धीरे-धीरे इसका खलासा होने लगा है। हत्याकांड में नामजद दो शातिर अपराधी ध्रुव कुमार सिंह व अखंड प्रताप सिंह जिले के ही रहने वाले हैं। तो वहीं तीसरा नामजद कन्हैया उर्फ गिरधारी वाराणसी जिले का रहने वाला है।
आरोप है कि कुंटू और अखंड आजमगढ़ जेल से साजिश रच रहे हैं। इन कुख्यातों के लिए काम करने वाले जनपद के साथ ही राजधानी तक सक्रिय हैं। वारदात की सबसे बड़ी वजह लखनऊ में मारा गया अजीत सिंह पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड का मुख्य गवाह था।
तीन-चार दिनों में ही कोर्ट में उसकी गवाही भी शुरू होनी थी। बताया तो यहां तक जाता है कि इस हत्याकांड में अजीत की गवाही अति महत्वपूर्ण थी। यही कारण है कि उसकी हत्या शार्प शूटरों के माध्यम से करवाई गई है।
कुंटू के कारिंदों पर है पुलिस की विशेष नजर
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि अजीत हत्याकांड के तार जिले से जुड़े अथवा न जुड़े मुख्य नामजद आरोपी तो जिले के ही रहने वाले हैं। जहां तक शूटरों के आजमगढ़ के होने की बात है तो यह अभी तक यह जानकारी पुष्ट नहीं हो सकी है।
फिलहाल कुंटू सिंह पर कार्रवाई लगातार जारी है और कारिंदों पर पुलिस की नजर है। लखनऊ में अजीत सिंह की हत्या के बाद जिले में दो टीम गठित की गई हैं, जो कुंटू सिंह, अखंड सिंह आदि बड़े अपराधियों के कारिदों पर नजर रख रही हैं और उन पर कार्रवाई की कवायद में जुटी हैं।
शिकायत मिली तो कराएंगे जांच
अजीत सिंह हत्याकांड के बाद जेल प्रशासन पर एक बार फिर अंगुली उठने लगी है। जिस पर एसपी ने कहा कि जिसे भी शिकायत है वह लिखित रुप से करें, हम शिकायत के आधार जांच कराएंगे और कहीं गड़बड़ी मिलती है तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी। वैसे सामान्य तौर पर पुलिस व प्रशासनिक टीम समय-समय पर जेल का निरीक्षण तो करती ही रहती है।
अजीत हत्याकांड के तार आजमगढ़ से जुड़ने की चर्चा सामने आ रही है, चार शूटरों के आजमगढ़ के होने का दावा लखनऊ पुलिस ने किया है, लेकिन अभी शूटरों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ जानकारी मिलती है तो निश्चित तौर पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई होगी। वैसे कुंटू व अखंड गैंग पर पुलिस की नजर है। ये दोनों तो जेल में है पर इनके कारिंदे सक्रिय हैं, जिनकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी आदि कार्रवाई शुरू जा रही है।
सुभाष चंद्र दुबे, डीआईजी, आजमगढ़ परिक्षेत्र