आजमगढ़। शासन के निर्देश पर शिक्षा विभाग की ओर से नगर के शिब्ली नेशनल इंटर कालेज परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान माध्यमिक और बेसिक विभाग के 75-75 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, संस्कृत माध्यमिक विद्यालय एवं स्ववित्त पोषित मान्यता प्राप्त, माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकों को योगेंद्र कुमार सिंह, संयुक्त शिक्षा निदेशक और विनोद कुमार शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में 38 राजकीय व सहायता प्राप्त, संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों एवं 37 स्ववित्त पोषित मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक सम्मिलित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री धर्मसंघ गिरीश संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जिंदोपुर ठेकमा के छात्रों द्वारा सरस्वती वंदना से किया गया। वक्ताओं द्वारा डा. सर्वपल्ली राधा कृष्णन जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया गया तथा बताया गया कि छात्रों के उत्थान में शिक्षक की भूमिका माता-पिता से भी अधिक महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा विभाग की उपलब्धियों की जानकारी दी। संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वारा समाज एवं राष्ट्र के लिए शिक्षकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शिक्षक समाज का दर्पण होता है और शिक्षक को सम्मानित कर हम अपने आपको गौरवान्वित महसूस करते हैं। कार्यक्रम का संचालन तारिक एजाज, शिब्ली नेशनल इंटर कालेज ने किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य जैद नुरूल्लाह, देवेंद्र नाथ पांडेय, ब्रजेश उपाध्याय, फरीद अहमद, ललिता देवी, आनंद उपाध्याय, बीके सिंह आदि उपस्थित थे।