आजमगढ़। आटो रिक्शा चालक समिति उप्र की बैठक बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन स्थित कार्यालय पर प्रदेश संरक्षक प्रभुनारायण पांडेय प्रेमी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में रिक्शा चालकों से प्रशासन का उपेक्षात्मक रवैया अपनाए जाने पर रोष प्रकट किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष कृपाशंकर पाठक ने कहा कि आंदोलन प्रदर्शन के माध्यम से कई बार जिला प्रशासन को मांग पत्र दिया गया, लेकिन अभी तक उस मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। हर बार जिला प्रशासन समिति को केवल आश्वासन देता आ रहा है। अभी बीते छह सितंबर को ही समिति ने आटो रिक्शा चालक की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन से मिला और मांग पत्र दिया। उस पर अभी कोई अमल नहीं किया गया। आटो रिक्शा चालकों का उत्पीड़न बढ़ता जा रहा है। विरेद्र यादव व शाहिद अहमद ने कहा कि आटो रिक्शा चालक सरकार को करोड़ों रुपये टैक्स आदि के रूप में दे रहे हैं। लेकिन उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। नरौली समेत तमाम जगहों पर आटो रिक्शा खड़ा नहीं हो पा रहे है। डीएम ने 10 सितंबर को समिति से मिलने का समय दिया है। अगर निर्धारित समय पर वह नहीं मिले तो समिति के पदाधिकारी भविष्य में किसी भी समय धरना प्रदर्शन, भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगे। संचालन महामंत्री छोटेलाल ने किया। इस मौके पर रामअवतार गोंड, रामा, अनिल सिंह, गोवर्धन राम, सुरेंद्र, कैलाश यादव, अनिल तिवारी, कन्हैया गुप्ता, मुकेश, अरविंद, शेषनाथ, चंद्रशेखर आदि उपस्थित थे।