यूपी: आजमगढ़ में साइबर अपराधियों का खेल बेनकाब, अंतरराष्ट्रीय कॉल धोखाधड़ी के दो अपराधी गिरफ्तार
आजमगढ़ जिले में अंतरराष्ट्रीय कॉल धोखाधड़ी के दो साइबर अपराधी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने 16 मोबाइल, 4690 रुपये और लैपटाप बरामद किया। पूछताछ में उन्होंने अपने साथी जीशान के साथ मिलकर धोखाधड़ी करने की बात कबूली।
विस्तार
आजमगढ़ में पुलिस ने दूरसंचार राजस्व में धोखाधड़ी करने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी शुक्रवार को संजरपुर क्षेत्र से हुई। पुलिस ने उनके पास से 16 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, तीन सिम कार्ड और 4690 रुपये नकद बरामद किए हैं।
क्या है पूरा मामला
सीओ कौस्तूभ त्रिपाठी ने बताया कि सरायमीर पुलिस और साइबर सेल आजमगढ़ की संयुक्त टीम संदिग्धों की तलाश में थी। संजरपुर बाजार के पास दो संदिग्ध व्यक्ति पकड़े गए। तलाशी में उनके पास से बरामदगी हुई। पूछताछ में उन्होंने अपने साथी जीशान के साथ मिलकर धोखाधड़ी करने की बात कबूली।
वे अंतर्राष्ट्रीय प्रीमियम दर वाले नंबरों (आईपीआरएन) पर इंटरनेट कॉल (वीओआईपी) के माध्यम से अवैध रूप से राजस्व प्राप्त करते थे। दोनों अभियुक्तों को पुलिस हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ सरायमीर थाने में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसे भी पढ़ें; बलिया में बदमाशों का दुस्साहस: आलू व्यवसायी को मारी गोली, बाइक सवार दो आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
अभियुक्तों ने बताया कि वे जीशान के साथ मिलकर अंतर्राष्ट्रीय प्रीमियम दर वाले नंबरों पर इंटरनेट कॉल करते थे। इन कॉलों को टोल-फ्री नंबरों से जोड़कर लंबे समय तक सक्रिय रखा जाता था, जिससे प्रति मिनट राजस्व उत्पन्न होता था। उन्हें व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से प्रीमियम नंबर और कॉल रूट मिलते थे। बरामद मोबाइल और लैपटॉप में BESTIPRN.COM और ESSARTELECOM.NET से संबंधित लॉगिन पहचान और कूटशब्द की जानकारी मिली है।
गिरफ्तार अभियुक्त और बरामदगी
पुलिस ने मो. ताबिश और सलीम अहमद को गिरफ्तार किया है। मो. ताबिश खुदादादपुर, थाना निजामाबाद का निवासी है। सलीम अहमद खरेवां, थाना सरायमीर का रहने वाला है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 16 मोबाइल फोन, एक डेल कंपनी का लैपटॉप, तीन खुले सिम कार्ड और 4690 रुपये नकद बरामद किए हैं।