आजमगढ़ : चुनावी रंजिश में युवक की वाहन से कुचल कर हत्या, केस दर्ज
महराजगंज थाना क्षेत्र के जीवधारी कटघरा गांव की घटना, तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ में महराजगंज थाना क्षेत्र के जीवधारी कटघरा गांव निवासी युवक की मंगलवार देर रात वाहन से कुचल कर मौत हो गई। इस मामले में परिवार वालों ने चुनावी रंजिश में चार पहिया से कुचल कर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने बुधवार को पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
जीवधारी कटघरा निवासी पिंटू उर्फ प्रिंस यादव (30) के चाचा ने प्रधान पद का चुनाव लड़ा है। निवर्तमान प्रधान भी चुनाव मैदान में हैं। इसी के चलते दोनों पक्षों में तनाव है। मंगलवार शाम प्रिंस यादव मित्र के साथ कुढ़ही ढाले की ओर गया था। इसी दौरान चारपहिया वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया था देर रात इलाज के लिए ले जाते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
इसके बाद परिजन घर पहुंचे और शव को बाहर रख कर विपक्षियों पर वाहन से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए एसपी को बुलाने की मांग करने लगे। बुधवार की सुबह सीओ सगड़ी डॉ. राजेश तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी। लोगों को समझाबुझा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मृतक के चाचा चंद्रभूषण ने तहरीर दी है। इसमें गांव के संजय, अनिल व अखिलेश के अलावा अमरनाथ निवासी जजमनजोत गांव थाना महराजगंज व रवि निवासी अराजी देवारा करखिया थाना रौनापार को आरोपी बनाया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। प्रिंस मां-बाप का इकलौता पुत्र था और अभी अविवाहित था।
सीओ सगड़ी राजेश तिवारी ने कहा कि मंगलवार की शाम चार पहिया सवारों ने युवक को कुचला था, इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।