फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Azamgarh News ›   74.34 percent of votes cast in Azamgarh for the Teachers' MLC election

Azamgarh News: शिक्षक एमएलसी चुनाव में आजमगढ़ में पड़े 74.34 प्रतिशत वोट

Sat, 24 Oct 2026 01:05 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Sat, 24 Oct 2026 01:05 AM IST
विज्ञापन
74.34 percent of votes cast in Azamgarh for the Teachers' MLC election
मतदान के लिए कतार में लगे मतदाता। स्रोत-वीडियो ग्रैब
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 का मतदान शुक्रवार को जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जनपद के 23 मतदान केंद्रों पर पंजीकृत कुल 8592 शिक्षकों के सापेक्ष शाम चार बजे तक कुल 6387 वोट पड़े। 4682 पुरुष और 1705 महिला मतदाताओं ने वोट किया।
विज्ञापन

कंट्रोल रूम की ओर से जारी मतदान का प्रतिशत 74.34 रहा। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक हुआ। डीएम और एसएसपी ने तहसील सदर, क्षेत्र पंचायत सठियांव, जहानागंज और तहबरपुर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन संबंधी अन्य प्रबंधों का निरीक्षण किया।
विज्ञापन

जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर रविंद्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने तहसील सदर, क्षेत्र पंचायत सठियांव, जहानागंज और तहबरपुर समेत विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य प्रबंधों का निरीक्षण किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

इस दौरान मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संचालित होता मिला। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जिम्मेदारी से कार्य करने और पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। निर्वाचन प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
यहां से सभी 23 मतदान केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी की गई। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी सूचनाओं पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी समस्या या शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
00
23 केंद्रों पर तैनात रहे 558 पुलिसकर्मी
उत्तर प्रदेश विधान परिषद खंड शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार को जिले में मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों और बूथों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। जिले के 23 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिए 558 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
00
मतदान के बाद सील्ड मतपेटिकाएं तहसील सदर के स्ट्रांग रूम में जमा
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 का मतदान शुक्रवार को जिले के 23 मतदेय स्थलों पर सकुशल संपन्न हुआ। मतदान समाप्त होने के बाद पीठासीन अधिकारियों ने सील्ड मतपेटिकाओं और निर्वाचन संबंधी प्रपत्रों को तहसील सदर के 12बी2 मीटिंग हॉल में जमा कराया। इसके बाद सभी पोलिंग पार्टियों की वापसी होने पर मतपेटिकाओं और गोपनीय अभिलेखों को पुलिस अभिरक्षा में गोरखपुर विश्वविद्यालय स्थित निर्धारित स्थल पर जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि जिले में मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक हुआ। मतदान समाप्त होने के बाद पीठासीन अधिकारियों ने सील्ड मतपेटिकाओं के साथ संविदा और असंविदा प्रपत्रों के लिफाफे तहसील सदर में जमा कराए। उन्होंने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियों की वापसी के बाद सील्ड मतपेटिकाओं, गोपनीय अभिलेखों और अन्य निर्वाचन संबंधी प्रपत्रों को पीठासीन अधिकारियों एवं नियुक्त मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सशस्त्र पुलिस बल की सुरक्षा के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में जमा कराया जा रहा है। यह स्थल आयुक्त, गोरखपुर मंडल एवं निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से निर्धारित किया गया है।
00
डीएम ने ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी का किया निरीक्षण
आजमगढ़। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने शुक्रवार को जिला निर्वाचन कार्यालय और ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का दैनिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया का जायजा लिया। अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एफएलसी कार्य में लगे तकनीकी कार्मिकों और संबंधित अधिकारियों से ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की जांच प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट और वीवीपैट सहित मशीनों के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रथम स्तरीय जांच निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इसलिए इसे निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार गुणवत्ता, पारदर्शिता और पूरी सतर्कता के साथ संपन्न कराया जाए। जिलाधिकारी ने जिला निर्वाचन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और सभी कर्मचारियों की सूची कार्यालय में चस्पा करने का निर्देश दिया। उन्होंने फाइलों को व्यवस्थित ढंग से रखने और अनावश्यक प्रपत्रों को स्टोर रूम में रखवाने को कहा। इसके साथ ही ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था और संबंधित अभिलेखों की भी जांच की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
00
सगड़ी में 77.75 प्रतिशत मतदान
सगड़ी। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक एमएलसी निर्वाचन-2026 का मतदान शुक्रवार को सगड़ी तहसील स्थित मतदान केंद्र पर सकुशल संपन्न हुआ। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चले मतदान में कुल 481 मतदाताओं में से 374 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह यहां कुल 77.75 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल के जवान तैनात रहे। उपजिलाधिकारी संजीव राय और तहसीलदार नवीन निश्चल त्रिपाठी ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
00
कोयलसा में 82.32 प्रतिशत मतदान
बूढ़नपुर। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के विकासखंड कोयलसा में शुक्रवार को स्नातक एमएलसी चुनाव की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुल 215 मतदाताओं में से 177 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह यहां 82.32 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक चला। इस दौरान मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। मतदान के दौरान उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर चंद्र प्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी विजय कुमार सिंह गौर सहित अन्य सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए रखी।
00
मेंहनगर में 79.59 प्रतिशत मतदान
मेंहनगर। शिक्षक एमएलसी चुनाव में शुक्रवार को मेहनगर ब्लॉक मुख्यालय पर बने मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। यहां कुल 392 मतदाताओं में से 312 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल 79.59 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम चार बजे तक हुए मतदान में 225 पुरुष और 87 महिला मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ अन्य आवश्यक प्रबंध किए गए थे। इस दौरान एसडीएम अशोक कुमार और थाना प्रभारी अभिराज सरोज मौजूद रहे।
00
पवई में 84.69 प्रतिशत मतदान
पवई। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में शुक्रवार को पवई में 84.69 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 183 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से शाम चार बजे तक 155 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान में भाग लिया। मतदान निर्धारित समय तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
00
ठेकमा में 73.03 प्रतिशत मतदान
ठेकमा। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के तहत शुक्रवार को ठेकमा ब्लॉक परिसर में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चले मतदान में 445 मतदाताओं में से 325 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह मतदान का प्रतिशत 73.03 रहा। ब्लॉक क्षेत्र में कुल 449 मतदाताओं का विवरण था, जिनमें चार मतदाताओं के निधन की जानकारी के बाद 445 मतदाता शेष रह गए थे। निर्वाचन में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी, सपा प्रत्याशी संजय त्रिपाठी और निर्दलीय प्रत्याशी अजय सिंह, राजीव यादव व अजीत कुमार सिंह मैदान में थे। खंड विकास अधिकारी जयप्रकाश की उपस्थिति में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई। बरदह थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा, जबकि ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र पटेल निगरानी करते रहे।
00
राजनीतिक दलों के शिविरों में दिखी सक्रियता
बरदह। मतदान के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थक और जनप्रतिनिधि सक्रिय नजर आए। सपा के शिविर में एजेंट रोहित यादव के साथ सपा विधायक बेचई सरोज, विजय यादव, गुड्डू यादव, अनिल यादव, अरविंद यादव, गोविंदा गौतम और लल्लन यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं, भाजपा के शिविर में पूर्व ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र सिंह मुन्ना, पूर्व सांसद संगीता आजाद, पूर्व विधायक अरिमर्दन आजाद, भाजपा जिला प्रभारी लालगंज दुर्गविजय राय, यशवंत सिंह, डीसीएफ अध्यक्ष चंदेश्वर राय, बंशीधर पाठक, नवीन राय, सुनील सिंह, बरदह मंडल अध्यक्ष शरद राय, ठेकमा मंडल अध्यक्ष सिनोद मौर्य, राजेश विश्वकर्मा, प्रधान संघ अध्यक्ष प्रमोद राय, हेमंत तिवारी और बृजेश राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। विभिन्न पक्षों की ओर से शिक्षकों को बसों के माध्यम से मतदान स्थल तक लाने की व्यवस्था भी की गई थी।

00
मार्टीनगंज में 83.61 प्रतिशत मतदान
मार्टीनगंज। मार्टीनगंज ब्लॉक में कुल 238 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 199 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल 83.61 प्रतिशत मतदान हुआ। पीठासीन अधिकारी हरिमोहन सिंह और दीदारगंज थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करा दी गई। मतदान के दौरान प्रशासन की निगरानी बनी रही और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा।

मतदान के लिए कतार में लगे मतदाता। स्रोत-वीडियो ग्रैब

मतदान के लिए कतार में लगे मतदाता। स्रोत-वीडियो ग्रैब

मतदान के लिए कतार में लगे मतदाता। स्रोत-वीडियो ग्रैब

मतदान के लिए कतार में लगे मतदाता। स्रोत-वीडियो ग्रैब

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed