जहानागंज। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी की 93 वीं जयंती बुधवार को चंद्रशेखर स्मारक ट्रस्ट रामपुर पर मनाई गई। इस दौरान पूर्व मंत्री व एमएलसी यशवंत सिंह ने पूर्व पीएम के आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि पूर्व पीएम समाजवादी नेता थे और समाजवाद का मतलब समाज के अंतिम व्यक्ति का उदय है। वर्तमान में समाजवाद का झंडा उठाने वाले सिर्फ हम, हमारी पत्नी और हमारा परिवार का नारा लगाते हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया ने नारा दिया था कि ‘पावें पिछड़े सौ में साठ’, लेकिन वर्तमान में समाजवादी होने का दावा करने वाले सिर्फ परिवार को ही समाजवाद मन बैठे हैं। पूर्व पीएम चंद्रशेखर ने हमेशा समाज के लिए संघर्ष किया और आज परिवारवाद का खात्मा ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि हमारे आदर्श पूर्व पीएम चंद्रशेखर राष्ट्रहित के सवाल पर किसी से समझौता नहीं करते थे। उनका अनुयायी होने के नाते हम लोगों का भी दायित्व बनता है कि उनके बताए रास्ते पर चल कर राष्ट्रीय धारा को मजबूत बनाएं। भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव ने कहा कि चंद्रशेखर जी को सत्ता नहीं बल्कि देेश से प्यार था। इस अवसर पर रामअवध सिंह, सुभाष सिंह, पराग यादव, बल्लू सिंह, अरविंद, सतीश, उदय शंकर, अरुण, रमेश, स्वतंत्र सिंह, पं. गोविंद शास्त्री, राम सिंह, चंचल, लालबहादुर, रामअवतार आदि मौजूद रहे।