आजमगढ़। पुलिस भर्ती परीक्षा रविवार को दो पालियों में 68 केंद्रों पर हुई। दोनों पालियों में 63888 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। कुल 59857 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 4031 ने परीक्षा नहीं दी। अभ्यर्थियों को परीक्षा से एक घंटे पहले आयरिश (रेटिना मिलान) और बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करके केंद्रों के अंदर भेजा गया। केंद्र के अंदर भी परीक्षकों ने चेकिंग की। 150 प्रश्नों के जवाब के लिए दो घंटे समय दिया गया था।
यूपी पुलिस में सिपाही के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती के लिए शनिवार व रविवार को जिले में 68 केंद्रों पर लिखित परीक्षा आयोजित की गई। पहले दिन यानी शनिवार को दोनों पालियों में 68 परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत 62888 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 61685 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 2203 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरी दिन यानी रविवार को 68 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में पंजीकृत कुल 63888 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 59857 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 4031 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में 68 केंद्रों पर परीक्षा हुई। जिसमें कुल 31944 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसके सापेक्ष कुल 30368 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। यानी 95.06 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। वहीं 1576 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे यानी 4.93 प्रतिशत रही। इसी प्रकार दूसरी पाली में 68 केंद्रों पर पंजीकृत 31944 अभ्यर्थियों के सापेक्ष कुल 29489 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। यानी 92.31 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं 2455 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से दूरी बनाई, मतलब 7.68 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।