शहर के सभी व्यस्त व संवेदनशील चौराहो-तिराहों की निगरानी अब सीसी टीवी से होगी। पुलिस महकमे ने शहर के नौ चौराहों-तिराहों पर 35 सीसी टीवी कैमरे लगवाए हैं। कंट्रोल पुलिस लाइन स्थित यातायात पुलिस कार्यालय में बनाया गया है। जहां से निगरानी की जाएगी। एसपी ने शुक्रवार को कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। शहर के चौराहों-तिराहों के सतत निगरानी के लिए शासन ने संवेदनशील व व्यवस्था चौराहों-तिराहों पर सीसी टीवी लगवाने का निर्देश दिया था। शासन के इस निर्देश के अनुपालन में जिले में भी नौ चौराहों-तिराहों पर कुल 35 सीसी टीवी कैमरे लगवाए गए हैं। इनमें शामिल नरौली पर पांच, हाइडिल पर चार, बवाली मोड़ पर चार, चर्च चौराहा पर चार, अग्रसेन चौराहा पर चार, हाफिजपुर चौराहा पर चार, जुनैदगंज चौराहा पर चार, करतालपुर तिराहा पर तीन व एसपी आवास तिराहा पर तीन सीसी टीवी कैमरे लगाए गए है। इन कैमरों को पुलिस लाइन में बने कांट्रोल रूम से संचालित किया जाएगा। जो चौबीस घंटे कार्य करेगा और इन चौराहों तिराहों पर होने वाले सभी गतिविधियों पर नजर रखेगा। शुक्रवार को एसपी अनुराग आर्य ने कंट्रोल रूम का लोकार्पण किया। बताया कि चौराहों-तिराहों पर कैमरे लग जाने से एक तो जाम से निजात मिलेगी तो वहीं दूसरी तरफ अपराधियों, लुटेरों, चेन स्नैचरों पर भी अंकुश लगाने में आसानी होगी। शहर कोतवाली व सिधारी थाना पुलिस भी इन कैमरों की ऑनलाइन मोबाइल पर निगरानी करेंगे।