आजमगढ़। डीएम राजेश कुमार ने सोमवार को राजकीय मेडिकल कालेज चक्रपानपुर में बनाए जा रहे आरटी-पीसीआर लैब का निरीक्षण किया। आरटी पीसीआर लैब दो दिन बाद सक्रिय हो जाएगा। लैब से प्रतिदिन 300 मरीजों की कोरोना संक्रमण की जांच की जा सकती है। लैब में ऑटोमेटेड आरएनए स्ट्रक्चर भी स्थापित किया जाएगा। इससे प्रतिदिन मरीजों के जांच करने की क्षमता 300 से बढ़कर 700 हो जाएगी।
जिलाधिकारी ने राजकीय मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. आरपी शर्मा को निर्देश दिए कि तीन जनरेटर और ऑटोमेटेड आरएनए स्ट्रचर मंगाने के लिए प्रस्ताव जल्द से जल्द भेज दें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि डॉ. आतोष असिस्टेन्ट प्रोफेसर माइक्रो बायोटेक जो गोरखपुर मेडिकल कालेज में अटैच हैं, उनसे कार्य लिए जाने के लिए राजकीय मेडिकल कालेज आजमगढ़ में बुला लें। जिलाधिकारी ने राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती मरीजों की सूची प्राप्त कर 4-5 मरीजों से बातचीत की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि बिलरियागंज का एक मरीज जिसका इलाज शहर के लाइफ लाइन अस्पताल में चल रहा था, कोरोना संक्रमित पाए जाने पर राजकीय मेडिकल कालेज में रेफर किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने लाइफ लाइन आजमगढ़ को निर्देश दिए कि रेफर किए गए मरीज के इलाज में सहयोग के लिए संबंधित डाक्टर को राजकीय मेडिकल कालेज में भेजें। इस मौके पर सीआरओ हरी शंकर, जीएमसी प्रधानाचार्य, सीएमओ डॉ. एके मिश्रा, अपर सीएमओ डॉ. संजय, नोडल अधिकारी दीपक पाण्डेय, एचओडी एंड असिस्टेन्ट प्रोफेसर माइक्रोबायोलॉजी डिपार्टमेन्ट डॉ. प्रतीक्षा श्रीवास्तव उपस्थित रहे।