राष्ट्रवाद संगोष्ठी: पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ बोले- सनातन की मजबूती के लिए जात-पात से ऊपर उठकर एकजुट हों हिंदू
राष्ट्रवाद संगोष्ठी में प्रखर वक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने सनातन संस्कृति की मजबूती के लिए हिंदुओं से जात-पात से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने वंदे मातरम के अधूरे गायन, शंकराचार्य परंपरा और जातिगत राजनीति पर तीखे सवाल उठाते हुए आने वाली पीढ़ी को सही ऐतिहासिक तथ्यों से अवगत कराने पर जोर दिया।
विस्तार
रामनगरी अयोध्या के रुदौली में राष्ट्रवाद संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें प्रखर वक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ भी पहुंचे। उन्होंने सनातन संस्कृति की मजबूती, हिंदुओं की एकजुटता और देश के इतिहास से जुड़े अनछुए पहलुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि समाज को जात-पात से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में एकजुट होना होगा।
उन्होंने वंदे मातरम, शंकराचार्य परंपरा, संविधान और राजनीतिक व्यवस्था पर अपने विचार रखे। कहा कि आने वाली पीढ़ियों को केवल इतिहास पढ़ाना नहीं, बल्कि तथ्यों की सही जानकारी देकर सच समझाना भी जरूरी है।
सनातन की बात करने का साहस रखते हैं रामचंद्र यादव
अपने संबोधन में कुलश्रेष्ठ ने रुदौली विधायक रामचंद्र यादव की सराहना करते हुए कहा कि वे सनातन की बात करने का साहस रखते हैं। वे हमेशा सच बोलने और तथ्यों के आधार पर लोगों तक जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते हैं। समाज को एकतरफा बातें सुनकर चुप नहीं रहना चाहिए। किसी वक्ता की बात गलत लगे तो सवाल पूछने का अधिकार सभी को है।
वंदे मातरम के मुद्दे पर उन्होंने सवाल उठाया कि 15 अगस्त 1947 को संसद में पूरा वंदे मातरम गाया गया था, तो बाद में इसे अधूरा क्यों कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 1947 में कुछ लोगों की आपत्ति के बाद वंदे मातरम की पंक्तियों को सीमित करने का निर्णय लिया गया था।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को उन्होंने लगातार सार्वजनिक मंचों पर उठाया है और ऐतिहासिक दस्तावेजों के आधार पर अपनी बात रखी है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री की कैबिनेट बैठक में भी इस विषय पर सवाल उठाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर आवाज उठाने के लिए सांसद या विधायक होना जरूरी नहीं है, आम नागरिक भी अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकता है।
प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी
शंकराचार्य परंपरा का जिक्र करते हुए कुलश्रेष्ठ ने सवाल उठाया कि जब देश में चार प्रमुख शंकराचार्य पीठ हैं तो 10 शंकराचार्य कैसे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति जाति और मजहब के आधार पर नहीं, बल्कि ईमानदारी, बहादुरी और राष्ट्र के प्रति समर्पण के आधार पर होनी चाहिए। केवल सरकार से अपेक्षा करने के बजाय प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि राष्ट्र और सनातन संस्कृति के प्रति जागरुकता जरूरी है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, इतिहास और परंपराओं से जोड़ने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष आशीष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सुमन पासवान, श्याम बाबू कसौधन, राजकिशोर सिंह और पंकज शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
