अयोध्या: सीएम योगी बोले- राम मंदिर बनने से भौचक हैं सपा-कांग्रेस, ये विरासत और विकास दोनों का विरोध करते हैं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा-कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि ये लोग समझ नहीं पा रहे कि अयोध्या में रामलला का मंदिर कैसे बन गया, सड़कें चौड़ी कैसे हो गईं, रेलवे स्टेशन का विकास कैसे हो गया और महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इतना बड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कैसे बन गया।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सम्मान समारोह में विपक्ष पर जमकर हमला बोला। सपा-कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर बनने और अयोध्या में विकास कार्य होने से सपा और कांग्रेस के लोग भौचक हैं। दुनिया राम के प्रति विभोर है और रामलला के अयोध्या धाम में विराजमान होने को लेकर पूरी दुनिया में उत्साह है, लेकिन सपा और कांग्रेस के यहां अभी भी वीरानी छाई है।
उन्होंने कहा कि ये लोग समझ नहीं पा रहे कि अयोध्या में रामलला का मंदिर कैसे बन गया, सड़कें चौड़ी कैसे हो गईं, रेलवे स्टेशन का विकास कैसे हो गया और महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इतना बड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कैसे बन गया। योगी ने कहा कि सपा का एक चेहरा वह भी था, जब उसने प्रभु श्रीराम का विरोध किया था। अयोध्या में राम मंदिर न बने, इसके लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया गया। रामभक्तों पर गोली चलाई गई और न्यायालय में राम मंदिर के विरोध में वकीलों की फौज खड़ी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग विरासत और विकास दोनों का विरोध करते हैं।
ये भी पढ़ें - आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 12 हजार और सहायिकाओं को छह हजार मिलेगा मानदेय, सीएम योगी ने किया एलान
ये भी पढ़ें - अयोध्या : चढ़ावा चोरी के आरोपी की पेंशन खाता पर लगी रोक हटी, नहीं आई थी कोई संदिग्ध राशि
पहले अयोध्या को तीन घंटे ही मिलती थी बिजली
- मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब दस साल पहले की अयोध्या को याद करें तो वहां बिजली, सड़क, स्वच्छता और सुविधाओं का अभाव था। विश्व प्रसिद्ध धाम में बमुश्किल तीन घंटे बिजली आती थी। वह भी कभी दिन में तो कभी रात में। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली व्यवस्था पर भी एक सिंडिकेट का कब्जा था। योगी ने कहा कि सरकार ने अयोध्या धाम के विकास के लिए सड़कों के चौड़ीकरण और बेहतर सड़कों का निर्माण शुरू किया तो उसका भी विरोध किया गया। रेलवे स्टेशन के निर्माण और महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट बनाने का भी विरोध हुआ।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.