एरवाकटरा (औरैया)। एरवाकटरा थाना पुलिस ने डकैती की साजिश रच रहे तीन हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने एक कार, दो तमंचे, कारतूस और चोरी व डकैती में प्रयुक्त होने वाले औजार बरामद किए हैं।
एरवाकटरा थानाध्यक्ष विष्णु गौतम, दरोगा धर्मेंद्र सिंह फोर्स के साथ सोमवार को भोर में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूरजपुर रोड पर स्थित मंदिर के पास कार पर सवार कुछ लोगों को पूछताछ के लिए रोकने की कोशिश की, तो वह भागने लगे। सीओ बिधूना मुकेश प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने पीछा करके तीन लोगों को दबोच लिया। जबकि दो मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम राहुल पुत्र रामचंद्र निवासी ग्राम हरचंदापुर, आकाश पुत्र गजेंद्र निवासी सोननगर टपुआ थाना अलीगंज एटा, सचिन कुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी गढ़िया गोसाई एरवाकटरा बताया। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो तमंचे, पांच कारतूस और चोरी व डकैती में प्रयुक्त होने वाले औजार, तीन मोबाइल, एक कैलकुलेटर व एक कार बरामद की है। सीओ ने बताया कि अभियुक्त आकाश पर राजा का रामपुर जिला एटा, अलीगंज, एरवाकटरा थाना में कई मामले दर्ज हैं। राहुल के खिलाफ एरवाकटरा थाना में मारपीट, लूट, आर्म्स एक्ट समेत चार मामले दर्ज हैं। वहीं, सचिन के खिलाफ एरवाकटरा में दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके भेज दिया है। फरार हुए दो अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।