Auraiya: 11वीं के छात्र का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अयाना थाना क्षेत्र में खेतों में कक्षा 11 के छात्र का शव लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
औरैया जिले में अयाना थाना क्षेत्र के बीझलपुर में बुधवार दोपहर को यमुना नदी के पास खेतों में कक्षा 11 के छात्र का शव लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि फिलहाल परिजन घटना के बारे में कुछ नहीं बता रहे हैं।
बीझलपुर में दोपहर को यमुना नदी किनारे खेतों में बकरियां चराने गए पशुपालकों ने अरविंद दुबे के खेत में बबूल के पेड़ पर गांव के ओम सिंह (17) पुत्र जगरूप का शव मफ्लर के सहारे लटकता देखा। पशुपालकों ने घटना की जानकारी पुलिस व परिजनों को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। मृतक के भाई शिव शंकर निषाद ने पुलिस को बताया कि उसका भाई राजा निरंजन सिंह राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। परिजनों के साथ मछली पकड़ने का काम भी करता था।
सुबह करीब 11 बजे भाई घर से खाना खाकर निकला था। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच ग्राम प्रधान श्याम सिंह ने उसको घटना की जानकारी दी। ओम सिंह की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हैं।
थाना प्रभारी भोला प्रसाद रस्तोगी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों ही एंगल से जांच कर रही है।