औरैया। मोहल्ला महावीरगंज में एक घर से फर्श पर पड़ा एक युवक का शव बरामद किया। घर के पीछे स्थित एक दुकानदार ने घर से दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को सूचना दी थी। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपल जुटाए, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
महावीरगंज मोहल्ला निवासी गोल्डी ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि दिबियापुर रोड पर साइकिल की दुकान है। दुकान के ठीक पीछे मकान मालिक अनुभव खत्री (28) का घर है। दुकान और घर के बीच में एक छोटा सा दरवाजा भी है, जो कई सालों से बंद है। बुधवार की सुबह साढ़े नौ बजे उसने जब अपनी साइकिल की दुकान का शटर खोला तो दुकान के अंदर से बदबू आ रही थी। इस पर उसने चूहा मरने की सोच कर इधर-उधर देखा पर कुछ नहीं दिखा। घर और दुकान के बीच लगे दरवाजे के पास पहुंचने पर बदबू और बढ़ी। इस पर उसने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान के पीछे स्थित घर में झांक कर देखा तो युवक फर्श पर पड़ा हुआ था। मेन गेट अंदर से बंद था। सीओ सुरेंद्र नाथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। बताया कि अनुभव अकेले ही रहता था। किराएदार ने बताया कि वह तीन चार दिन से घर से बाहर नहीं दिखा। मृतक के चचेरे भाई लखनऊ में रहते हैं, जिनको घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा।