बेला (औरैया)। बेला-कानपुर मार्ग पर बरकसी मोड़ के पास गुरुवार देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने ससुराल जा रहे स्वास्थ्य कर्मी को रोक कर तमंचे के बल लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस जांच में जुट गई है।
तिर्वा मेडिकल कालेज में एक्स-रे टेक्नीशियन संदीप कुमार ने बताया कि गुरुवार रात वह बाइक से विधरीपुर बेला स्थित ससुराल जा रहे थे। जैसे ही बाइक बेला-कानपुर मार्ग पर करकसी मोड़ के पास एक ढाबे के सामने पहुंची तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन लोगों ने उसे रोक लिया।
वह कुछ समझ पाते तभी एक ने सीने में तमंचा सटा दिया। आरोप लगाया कि बदमाशों ने जेब में पड़े 6700 रुपये, ड्राइविंग लाइसेंस, कुछ जरूरी कागजात व मोबाइल लूट लिया और बाइक की चाबी लेकर भाग निकले। इसके बाद पैदल थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। थानाध्यक्ष रामसहाय पटेल ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। मामले की जांच कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

लूट का शिकार संदीप कुमार। संवाद- फोटो : AURAIYA