Auraiya Accident: बाइक से फिसलकर गिरा युवक, कार की टक्कर से हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम
थाना दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। इससे दुर्घटना करने वाले कार का पता चल सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
औरैया जिले में बेला-दिबियापुर मार्ग पर बहेड़े वाली पुलिया के समीप फिसल कर गिरे बाइक सवार को कार ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सहार थाना क्षेत्र के दिनवामऊ निवासी मनीष कुमार उर्फ सोनू (28) पुत्र अशोक कुमार गांव के पारिवारिक चाचा दिव्यांग विनय कुमार पुत्र सूबेदार के साथ सुबह 11 बजे के करीब गांव से दिबियापुर आ रहे थे।
इसी बीच हल्की बूंदाबांदी ोहोने लगी। दिबियापुर में बहेड़े वाली पुलिया के पास दोनों के पहुंचे तो बारिश से गीली हुई सड़क पर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और मनीष सड़क पर गिर गया। इस बीच पीछे से आ रही कार ने मनीष के सिर में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चाचा बच गए।
पीछे से आ रहे गांव के कुछ लोग तत्काल उसे दिबियापुर सीएचसी ले गए, वहां चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर परिजन व दिबियापुर थाने की पुलिस भी जा पहुंची। मनीष को लेकर पहुंचे लोगों ने पुलिस को बताया कि वह हेलमेट नहीं लगाए थे। मृतक के भाई मनोज ने बताया कि मनीष किसी काम से दिबियापुर जाने की बात कह विनय के साथ निकले थे।
भाई पूना में प्राइवेट नौकरी करता था। पंद्रह दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर घर आया था। एक साल पहले उसकी शादी हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थाना दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। जिससे दुर्घटना करने वाले कार का पता चल सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।