{"_id":"4a95e2bf13f2448659a0c0f7c2ef412e","slug":"19-547-million-will-develop-the-district-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"19547 लाख रुपये से होगा जिले का विकास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
19547 लाख रुपये से होगा जिले का विकास
ब्यूरो/अमर उजाला, औरैया
Updated Wed, 07 Jan 2015 11:22 PM IST
विज्ञापन
प्रदेश के ग्राम्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरविन्द सिंह गोप ने जिला योजनातंर्गत वित्तीय वर्ष 2015-16 में जनपद के विकास पर खर्च किए जाने वाले 19547 लाख रुपये के प्रस्तावित परिव्यय का अनुमोदन किया।
विज्ञापन
श्री गोप बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में संपन्न जिला योजना समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। राज्य मंत्री ने विशंभर सिंह भारतीय इंटर कालेज में समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की महत्वाकांक्षी समाजवादी पेंशन योजना के चयनित लाभार्थियों को परिचय पत्र वितरित किए।
विज्ञापन
प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री/ नोडल अधिकारी अरविंद कुमार सिंह गोप ने जिला योजना समिति बैठक में वित्तीय वर्ष 2014-15 के अनुमोदित परिव्यय व व्यय की समीक्षा की। वहीं जिला योजना वर्ष 2015-16 के लिए जिले से भेजे गए 19547 लाख रुपये के प्रस्तावित परिव्यय का अनुमोदन किया।
विज्ञापन
वर्ष 2015-16 में नगरीय पेयजल योजना पर 252 लाख रुपये, एलौपैथी चिकित्सा पर 1404.48 लाख रुपये, ग्रामीण पेयजल ग्राम्य विकास पर 981.96 लाख रुपये, इंदिरा आवास पर 3212.80 लाख रुपये, सड़क एवं पुल निर्माण हेतु 1287.11 लाख रुपए के परिव्यय का अनुमोदन किया।
मंत्री श्री गोप ने प्राथमिक शिक्षा पर 1583.10 लाख रुपये, माध्यमिक शिक्षा पर 395.48 लाख रुपये, पर्यटन पर 65 लाख रुपये की परियोजनाओं का अनुमोदन किया।
आगामी वित्तीय वर्ष में जिले में निजी लघु सिंचाई पर 1274 लाख रुपये, राजकीय लघु सिंचाई पर 310.44 लाख रुपये, खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए 100 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
ग्रामीण स्वच्छता पर आगामी वित्तीय वर्ष में 1475.4 लाख रुपये, अनुसूचित जाति कल्याण मद में 216.51 लाख रुपये, पिछड़ी जाति कल्याण मद में 283.81 लाख रुपये का परिव्यय किया जाएगा।
राज्यमंत्री श्री गोप ने कहा कि प्रदेश सरकार निरंतर विकास के लिए कार्य कर रही हैं। जिले के नोडल अधिकारी के रूप में हम आपसे वादा करते हैं कि जिले के विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
बैठक के बाद राज्यमंत्री श्री गोप विशंभर सिंह भारतीय इंटर कालेज पहुंचे, यहां समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री की समाजवादी पेंशन योजना के चयनित लाभार्थियों को परिचय पत्र वितरित किए। कहा कि इटावा के साथ औरैया मुख्यमंत्री का अति प्रिय जिला है। जिले के विकास के लिए खजाने भरे हुए हैं।
कार्यक्रम को दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, बिधूना विधायक प्रमोद गुप्ता एलएस सदर विधायक मदन गौतम, जिला पंचायत सदस्य रचना सिंह सेंगर, महिला आयोग की सदस्या गीता गुप्ता, सपा जिलाध्यक्ष शिवनाथ सिंह यादव ने संबोधित किया। जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने राज्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर एडीएम इंद्रपाल उत्तम, सीडीओ शिवराज यादव, पीडी अजय प्रकाश, एसडीएम सदर जितेंद्र श्रीवास्तव, सीओ सदर शिवराज सिंह सहित सभी जनपदीय अधिकारी मौजूद रहे।