{"_id":"6b0719aa6ca8f31d6801f189","slug":"woman-struck-by-train-while-with-her-two-children-young-son-dies-2026-11-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमरोहा: बछरायूं में दो बच्चों के साथ ट्रेन की चपेट में आई महिला, मासूम बेटे की मौत, मां की हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अमरोहा: बछरायूं में दो बच्चों के साथ ट्रेन की चपेट में आई महिला, मासूम बेटे की मौत, मां की हालत गंभीर
Wed, 25 Nov 2026 10:54 PM IST
Akash Dubey
संवाद न्यूज एजेंसी, बछरायूं (अमरोहा)
संवाद न्यूज एजेंसी, बछरायूं (अमरोहा)
Published by: Akash Dubey
Updated Wed, 25 Nov 2026 10:54 PM IST
सार
पांच साल के बेटे अबू साद की हादसे में मौत हो गई। महिला मुस्कान गंभीर घायल है, जबकि दो साल की बेटी परी को मामूली चोटें आईं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : Freepik
विस्तार
अमरोहा के बछरायूं क्षेत्र के गांव छीतरा में बुधवार दोपहर मुस्कान अपने पांच साल के बेटे अबू साद और दो साल की बेटी परी के साथ रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बेटी को भी मामूली चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने उसे रेलवे ट्रैक से बाहर निकाल कर मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के पीछे घरेलू कलह की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विज्ञापन
गांव छीतरा निवासी किसान साहिल की शादी करीब सात साल पहले बिजनौर जिले के गांव पैजनिया निवासी मुस्कान के साथ हुई थी। दंपती के पांच वर्षीय बेटा अबू साद और दो वर्षीय बेटी परी है। बुधवार को साहिल अपने पिता के साथ ट्रैक्टर खरीदने के लिए सैदनगली गया था। इसी दौरान दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मुस्कान अपने दोनों बच्चों के साथ रेलवे ट्रैक की तरफ गई थी। तभी नजीबाबाद से गजरौला जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में तीनों आ गए। हादसे में अबू साद की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बेटी को मामूली चोटें आईं। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके की ओर दौड़े। तीनों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से मुस्कान की गंभीर हालत देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। साहिल ने बेटे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि परिजनों की मांग पर पंचनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया गया है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
विज्ञापन
लोको पायलट के मुताबिक मुस्कान बच्चों को लेकर ट्रैक पर लेटी थी
यदि पैसेंजर ट्रेन के लोको पायलट की बात पर यकीन किया जाए तो मुस्कान आत्महत्या के इरादे से अपने दोनों बच्चों को लेकर ट्रैक पर आई थी। लाेको पायलट द्वारा गजरौला स्टेशन अधीक्षक को दिए मीमो के मुताबिक मुस्कान ट्रेन को आता देखकर बच्चों को लेकर ट्रैक पर लेट गई। लोको पायलट ने महिला व बच्चों को ट्रैक पर लेटे देखा तो उसने सीटी बजाने के साथ इमरजेंसी ब्रेक भी लगाए। लेकिन तब तक अबू साद व मुस्कान ट्रेन की चपेट में आ चुके थे। दो साल की बेटी परी को ट्रैक के पास खड़े लोगों ने खींच लिया था। मासूम अबू साद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मुस्कान के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वह मुरादाबाद के एक अस्पताल में जिंदगी व मौत के बीच झूल रही है। तीन मिनट तक ट्रेन मौके पर ही खड़ी रही। बाद में लोको पायलट ट्रेन लेकर गजरौला की ओर रवाना हो गया। गांव में भी मुस्कान द्वारा उठाए गए कदम को घरेलू कलह बताया जा रहा है।
