रहरा। बिजली कटौती से गुस्साए ग्रामीणों ने समाजवादी पार्टी छात्र सभा अध्यक्ष गोलू त्यागी के नेतृत्व में रहरा बिजली घर पर धरना दिया। एसडीओ एवं जेई को बंधक बना लिया। एक्सईएन के विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से देने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने अपना धरना खत्म किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से विद्युत आपूर्ति ना के बराबर मिल रही है। जिसमें रात भर बिजली गुल रहती है। विद्युत आपूर्ति न मिलने की वजह से गुस्साए रहरा के ग्रामीणों ने जेई को बंधक बनाकर कई घंटे धूप में बैठाए रखा। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की जा चुकी है लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। बिजली व्यवस्था का मजाक बनाकर रख दिया है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। उच्च अधिकारियों के संज्ञान में मामला पहुंचने पर एसडीओ हसनपुर बिजली घर पहुंचे। जहां गुस्साए ग्रामीणों ने एसडीओ को भी बंधक बना लिया। इसके बाद शाम एक्सईएन के आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया। यहां पप्पू त्यागी, सोनू, शिवा शर्मा, अमित शर्मा, कलुआ त्यागी, सुधीर, कमल वीर मोनू, सुबोध, चंद्रपाल, दीपक, प्रशांत, बबलू, सूरजपाल आदि लोग मौजूद रहे।