Weather: बारिश से पांच डिग्री नीचे गिरा पारा... मिली बड़ी राहत, अमरोहा का तापमान 38 डिग्री दर्ज
अमरोहा जिले में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रातभर हवा चलने के साथ बूंदाबांदी भी हुई। इससे जिले का पारा पांच डिग्री गिर गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लंबे इंतजार के बाद मौसम ने करवट बदल ली। हवा चलने के साथ बिजली कड़की। उसके बाद बारिश शुरू हो गई। रात भर ठंडी हवा चलने के साथ बूंदाबांदी भी हुई। बृहस्पतिवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई। इससे तापमान में पांच डिग्री तक की गिरावट हुई।
अधिकतम तापमान 43 से 38 डिग्री पहुंच गया। हल्की बारिश होने के बाद शुक्रवार को राहत मिली। हर बार जून माह में गर्मी लगातार रिकॉर्ड बना रही है। तापमान कई सालों बाद 47 डिग्री तक पहुंचा। लोगों को सूर्य की तपिश के साथ लू और भारी उमस से जूझना पड़ रहा है।
सुबह हो या दोपहर या फिर रात गर्मी से लोग बेचैन हो रहे हैं। लोग लगातार बारिश के लिए दुआ कर रहे हैं। जिसका असर बुधवार रात नजर आया। रात 11 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट बदल ली। आसमान में बिजली कड़कने लगी और काले बादल छा गए।
इसके साथ ही हवा भी चलने लगी। उसके बाद मध्य रात्रि 12 बजे से बारिश शुरू हो गई। हालांकि, बारिश उतनी तेज तो नहीं हुई, लेकिन कई घंटे तक बूंदाबांदी हुई। जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। बृहस्पतिवार को सुबह के समय आसमान में काले बादल छाए रहे और हवा भी चली।
कुछ समय के लिए बूंदाबांदी भी हुई। मौसम बदलने से जहां किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई, वहीं लोगों को भारी गर्मी से राहत मिली। बुधवार के मुकाबले बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 43 से गिरकर 38 डिग्री पर पहुंच गया।
हालांकि, दोपहर में धूप के साथ उमस महसूस तो हुई, लेकिन अन्य दिनों की अपेक्षा बहुत कम रही। जिला कृषि अधिकारी बबलू कुमार का कहना है कि बरसात की संभावना बनी हुई है। साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
हवा के साथ गुल हुई कई मोहल्लों की बिजली
बारिश और हवा से लोगों को राहत तो मिली, लेकिन इसके साथ कई मोहल्लों की बिजली भी गुल हो गई। रात में लोगों को कई घंटे बिजली कटौती से जूझना पड़ा। कलक्ट्रेट बिजलीघर से जुड़े सरकारी आवासीय कॉलोनी, आशियाना कॉलोनी, सिटी होम, सुबोध नगर, पुष्कर नगर, अमरोहा ग्रीन्स, डॉक्टर्स कॉलोनी आदि की बिजली गुल हो गई।
11 बजे बिजली गुल हुई और 3 तीन बजे सुचारू हो सकी। गनीमत रही कि रात में बारिश के साथ हवा चलती रही। जिससे लोगों को राहत मिली।