{"_id":"664f059480f677f4c509e75f","slug":"police-made-revelations-in-the-case-of-lic-agent-s-death-2024-05-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Amroha: भांजे ने नहर में धक्का देकर की थी एलआईसी एजेंट की हत्या, दो लाख की उधारी से बचने के लिए उठाया ये कदम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Amroha: भांजे ने नहर में धक्का देकर की थी एलआईसी एजेंट की हत्या, दो लाख की उधारी से बचने के लिए उठाया ये कदम
Thu, 23 May 2024 02:30 PM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, अमरोहा
अमर उजाला नेटवर्क, अमरोहा
Published by: विजय पुंडीर
Updated Thu, 23 May 2024 02:30 PM IST
सार
पुलिस ने दावा किया है कि जयप्रकाश ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उनके रिश्ते के भांजे ने ही रामगंगा पोषक नहर में धक्का देकर हत्या की थी। आरोपी ने दो लाख रुपये की उधारी से बचने के लिए वारदात को अंजाम दिया था।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : istock
विस्तार
एलआईसी एजेंट जयप्रकाश गौड़ के नहर में कूद कर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने दावा किया है कि जयप्रकाश ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उनके रिश्ते के भांजे ने ही रामगंगा पोषक नहर में धक्का देकर हत्या की थी। आरोपी ने दो लाख रुपये की उधारी से बचने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी की निशानदेही पर जयप्रकाश की बाइक रामगंगा नहर से बरामद कर ली गई है।
विज्ञापन
नगर के मोहल्ला विजय नगर निवासी जयप्रकाश गौड़ (45) गाजियाबाद में टाटा स्टील में नौकरी करते थे और साथ में एलआईसी में बीमा एजेंट भी थे। 24 अप्रैल को जयप्रकाश बिजनौर के चांदपुर जाने के लिए अपने घर से निकले थे लेकिन रात तक वह घर नहीं आए। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की लेकिन कोई पता नहीं लगने पर गुमशुदगी दर्ज करा दी गई। पुलिस व परिजनों ने उनकी काफी तलाश की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। 30 अप्रैल को तिगरी में गंगा नदी में एक व्यक्ति का शव मिला था।
विज्ञापन
परिजनों ने मोर्चरी पर जाकर शव की पहचान जयप्रकाश गौड़ के रूप में की थी। पुलिस जयप्रकाश की मौत को खुदकुशी मान रही थी लेकिन परिजनों को जयप्रकाश के आत्महत्या करने का विश्वास नहीं हो रहा था। परिजनों ने जयप्रकाश की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए रिश्ते के भांजे अभिषेक शर्मा उर्फ बिट्टू पर शक जताया। पिता महेश शर्मा का कहना था कि जयप्रकाश को घटना वाले दिन अभिषेक ने ही व्हाट्सएप पर चैट कर बुलाया था। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी।
विज्ञापन
एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की गई तो पूरा मामला खुलता चला गया। उन्होंने बताया कि अभिषेक ने जयप्रकाश से दो लाख रुपये उधार लिए थे। जयप्रकाश उधार के दो लाख रुपये वापस मांग रहे थे। उधार ली गई रकम देने से बचने के लिए अभिषेक ने साजिश के तहत जयप्रकाश को एक दुकान पर बुलाया। जयप्रकाश अपनी बाइक लेकर उसके पास पहुंच गया। दोनों चांदपुर गए और वहां शराब पी। एएसपी ने बताया कि वापसी में दोनों थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर रझेड़ा नहर किनारे पहुंच गए। वहां भी दोनों ने साथ में शराब पी। जयप्रकाश के नशे में होने पर अभिषेक ने उसे नहर में धक्का दे दिया।