अमरोहा। धनतेरस, दिवाली और भैया दूज त्योहारों के मद्देनजर जाम से निपटने के लिए पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। त्योहारी सीजन में शहर में बिजनौर रोड पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा, जबकि बाजारों में बाइक और रिक्शा को प्रतिबंधित कर दिया है। वहीं शहर भर में छोटे-बड़े चौराहों पर दो-दो पुलिस कर्मियों को तैनात किया है।
जिलेभर में दो नवंबर को धनतेरस मनाई गई। मंगलवार को छोटी दिवाली और कल बड़ी दिवाली है। इसके बाद भैया दूज है। इस त्योहारी सीजन में बाजार में काफी भीड़ रहती है। साथ ही दुकानदार भी अपनी दुकानें सजाते हैं। भीड़ के दौरान दुकानदारों और खरीदारी करने आए ग्राहकों को परेशानी न हो, इसके चलते पुलिस ने बाजार में सभी चार पहिया वाहनों की नो एंट्री रखने का निर्णय लिया। सीओ सिटी विजय कुमार राना ने बताया कि लोगों की सहूलियत के लिए जोया व अतरासी की तरफ से बिजनौर जाने वाले वाहनों को बाईपास से गुजारा जाएगा। यही प्लान बिजनौर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों पर लागू रहेगा। शहर के भीतर कार या अन्य छोटे चार पहिया वाहनों को भी घुसने नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा कोट चौराहा, लकड़ा चौराहा, कोतवाली के सामने बैरियर लगाकर बाजार में बाइक और रिक्शों की एंट्री पर प्रतिबंध कर दिया है। यहां भी दो-दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। त्योहारों की खरीदारी के चलते किसी भी तरह के वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश बंद रहेगा