लोकसभा क्षेत्र से बसपा सांसद कुंवर दानिश अली ने संसद में अमरोहा की ढोलक और नौगांवा की जैकेट उद्योग को बढ़ावा देने की मांग उठाई। साथ ही आलू और आम के लिए फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री लगाने का मुद्दा उठाया।
वह गुरुवार को लोकसभा वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की अनुदान मांगों की चर्चा के दौरान अपना पक्ष रख रहे थे। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए अपना पक्ष रखा। कहा कि आज उद्योगपतियों के अंदर डर का माहौल है। उन्होंने अमरोहा लोकसभा क्षेत्र की समस्याओं को भी सदन में उठाते हुए कहा कि सरकार की योजना ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ की बहुत बात होती है। मैं जिस अमरोहा लोक सभा क्षेत्र से आता हूं। वहां बहुत पुराना कारोबार ढोलक बनाने का है। ऐसी ढोलक पूरे देश में शायद नहीं बनती होगी, जैसी अमरोहा में बनती है और उसका बहुत निर्यात भी होता है। अगर सरकार थोड़ा सा सहयोग कर दें तो ढोलक उद्योग के लिए बहुत अच्छा होगा। सांसद ने सरकार से ढोलक उद्योग के लिए कुछ अच्छी पहल करने की मांग उठाई। इसके अलावा उन्होंने अमरोहा कॉटन बेस्ट इंडस्ट्री के लिए भी सरकार से सहयोग की अपील की। इसके अलावा उन्होंने नौगांवा सादात का जिक्र करते हुए कहा कि यहां अच्छी जैकेट बनती हैं, जो देश भर में जाती हैं। अगर सरकार से थोड़ा सहयोग मिलत तो तो उसका बड़े स्तर पर निर्यात किया जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने आलू और आम की बात करते हुए कहा कि मैंगो पल्प का बहुत उपयोगीकरण हो सकता है। इसलिए अमरोहा में फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री के माध्यम से इस पर कुछ काम किया जाए।