Amroha: डकैती की साजिश रचते मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर के पांच बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इस दौरान पुलिस ने भी बचाव में फायरिंग की और बाद घेराबंदी कर पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। ये लोग जोया की आनंद विहार कॉलोनी मैं डकैती की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
विस्तार
अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात पुलिस ने डकैती की साजिश रचते मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर के बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
उनके कब्जे से अवैध तमंचा-कारतूस के अलावा कैंटर, गैस कटर गैस और ऑक्सीजन सिलेंडर, लोहे के तार भी मिले। पुलिस ने पांचों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जोया चौकी इंचार्ज लवलीश कुमार, दरोगा तेजेंद्र बालियान, कांस्टेबल अंकित कुमार, जितेंद्र कुमार, जगवीर नागर और अतुल मालिक सरकारी वाहन से गश्त कर रहे थे। जैसे ही पुलिस की गाड़ी मुरादाबाद-दिल्ली हाईवे पर चौधरपुर से बुढ़नपुर की ओर पहुंची।
तभी मुखबिर से सूचना मिली कि चौधरपुर ओवरब्रिज से बुढ़नपुर की ओर एक फैक्टरी की दीवार के पास कैंटर में कुछ संदिग्ध लोग सवार हैं जो डकैती की साजिश बना रहे हैं। पुलिस ने बताए ठिकाने पर छापा मार दिया।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इस दौरान पुलिस ने भी बचाव में फायरिंग की और बाद घेराबंदी कर पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। ये लोग जोया की आनंद विहार कॉलोनी मैं डकैती की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम सलीम निवासी इस्लामनगर भूड़, खतौली जनपद मुजफ्फरनगर, अर्जुन निवासी वहलना कोतवाली नगर मुजफ्फरनगर, आस मोहम्मद निवासी राडधना सरधना मेरठ, मेहताब निवासी अशोक विहार लोनी जनपद गाजियाबाद और प्रमोद निवासी फफूंडा मुंडाली जनपद मेरठ बताया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा कारतूस मिले।
वहीं, घटनाओं में प्रयुक्त होने वाली कैंटर, गैस कटर, छोटा एलपीजी गैस सिलेंडर, एक ऑक्सीजन सिलेंडर, एक लोहे का तार, काटने वाला कटर, गैस कटर बरामद हुए। एएसपी के मुताबिक पांचों आरोपी गिरोह बनाकर घरों में लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देते हैं। सभी बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इन धाराओं में दर्ज किया गया केस
एएसपी राजीव कुमार ने बताया कि डकैती की योजना बनाने वाले बदमाशों पर आईपीसी की धारा 34, 307, 399, 402, आयुध अधिनियम की धारा 3 और 25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।