बेटे के जन्मदिन पर बिजली का करंट लगने से पिता की मौत हो गई। घटना से जन्मदिन की खुशियों में मातम पसर गया। परिजनों ने बगैर कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
ये घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र के सिबौरा गांव की है। यहां पर किसान अर्जुन सिंह (32) का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी मीना के अलावा बेटी आंशी और बेटा उज्जवल है। बड़ा बेटा उज्जवल बुधवार को पांच साल का हुआ है। लिहाजा पिता अर्जुन ने बेटे उज्जवल के जन्मदिन को धूमधाम से मनाने की तैयारी की थी। इसके लिए उन्होंने दावत की व्यवस्था की, जिसमें परिवार और रिश्तेदारों को बुलाया गया। केक काटने के बाद सभी लोगों ने खाना खाया और करीब दस बजे परिवार के कुछ सदस्य डीजे पर डांस कर रहे थे। इस दौरान डीजे जेनरेटर के करंट से चल रहा था।
बताते हैं की करीब 10:30 बजे बिजली आने पर अर्जुन सिंह जेनरेटर बंद करने के बाद बिजली के तार लगा रहे थे। तभी उन्हें करंट लग गया और उनकी मौके पर मौत हो गई। पिता की मौत से बेटे के जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन परिजनों ने कानून कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। इसके बाद बृहस्पतिवार की दोपहर बगैर कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। किसान की मौत के बाद पत्नी और दोनों बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।