अमरोहा। अमरोहा पुलिस अमर उजाला अभियान क्लीन दिवाली-ग्रीन दिवाली का हिस्सा बनी। पुलिस आफिस में कार्यक्रम आयोजित किया गया। एएसपी ने पुलिस कर्मियों को दिवाली को प्रदूषण मुक्त बनाने का शपथ दिलाई। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए कहा। मिट्टी के दीये जलाकर घरों को जगमग करने का संकल्प दिलाया। जिससे मजदूरों को घरों की दिवाली भी शुभ हो सके।
शनिवार को पुलिस आफिस परिसर में कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें बतौर मुख्यातिथि एएसपी अजय प्रताप सिंह और सीओ हसनपुर कुलदीप कुकरेेती रहे। यहां पुलिस आफिस में तैनात पुलिस कर्मियों को एकत्र किया गया। एएसपी ने सभी पुलिस कर्मियों को दिवाली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए शपथ दिलाई। कहा कि पटाखे नहीं छोडे़ंगे, प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाएंगे। पर्यावरण को स्वच्छ बनाना है, मिट्टी का दीया जलाना है। साथ ही लोगों को मिट्टी के दीये संग दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया और पटाखों से होने वाले हानिकारक प्रभाव के बारे में भी बताया। कहा कि आतिशबाजी और पटाखों से पूरा वायुमंडल दूषित होता है। इससे सांस संबंधी बीमारियां होती हैं। बीमार लोगों को सांस लेने में परेशानी होती है। इस लिए दिवाली को प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग करें।