अमरोहा स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप: डाॅक्टर ने नशे में डाटा एंट्री ऑपरेटर को पीटा, मुस्तफा ने भागकर बचाई जान
अमरोहा के सीएमओ कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर कमाल मुस्तफा ने डॉक्टर पर शराब के नशे में चप्पलों से मारने का आरोप लगाया। उन्होंने इस घटना की शिकायत उच्चाधिकारियों को कर जान का खतरा बताया है। सीएमओ ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विस्तार
अमरोहा के सीएमओ कार्यालय के डाटा एंट्री ऑपरेटर ने एक डॉक्टर पर चप्पलों से पीटने का आरोप लगाया है। ऑपरेटर ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी से की गई।
ऑपरेटर अल्पसंख्यक आयोग, अनुसूचित जाति जनजाति आयोग, कमिश्नर व डीएम और एसपी को भी प्रतिलिपि भेजकर जान को खतरा बताया है। सीएमओ कार्यालय में कमाल मुस्तफा पीसीपीएनडीटी (गर्भधारण पूर्व और प्रसव पूर्व निदान तकनीक) के अंतर्गत डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर तैनात है।
मुस्तफा का आरोप है कि बुधवार को वह कार्यालय में उपस्थित था। परिसर में बने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के आवास में एक डॉक्टर शराब पी रहे थे। कमाल मुस्तफा डॉक्टर के पास कुछ जानकारी देने गया तो उन्होंने बिना किसी कारण चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी।
कमाल मुस्तफा किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा। आरोप है कि डॉक्टर का विभाग के सभी अधिकारियों पर दबदबा रहता है। डॉक्टर नशा करने के आदी हैं और वह किसी भी अधिकारी व कर्मचारियों को गोली मार सकते हैं। कार्यालय परिसर में रोजाना शराब के नशे में हंगामा करते हैं।
उच्चाधिकारियों से अच्छे संबंध होने के कारण उनका कोई कुछ नहीं करता। पीड़ित कमाल मुस्तफा ने चप्पलों से पिटाई के मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं, सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही है।
रंजिश के चलते दबंगों ने लाठी-डंडों और सरियों से पीटा
रंजिश के चलते दबंगों ने लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर युवक को लहूलुहान कर दिया। आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी दे गए। पुलिस ने घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नौगजा का है। मोहल्ला निवासी मोहम्मद आमिर के बेटे अब्दुल अहद की कुछ युवकों से रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर मोहल्ला घेर पछैय्या निवासी तैय्यब ने उसे फोन करके एकेके इंटर कॉलेज के पास बुला लिया।
अब्दुल अहम जैसे ही मौके पर पहुंचा तो आरोपी तैय्यब ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके ऊपर लाठी डंडों व सरिये से हमला कर लहूलुहान कर दिया। शोर पर राहगीर एकत्र हो गए तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को सीएचसी में भर्ती कराया। साथ ही तैय्यब व दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर ने मामले में रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की है।