अमरोहा। जिले में लोगों की लापरवाही के चलते कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है। बुधवार को बैंक कैशियर, अधिवक्ता, गर्भवती और फैक्टरी कर्मचारियों सहित 43 संक्रमित लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। कोरोना के फैलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 3092 पहुंच गई है। जबकि 251 केस एक्टिव चल रहे हैं। वहीं स्वस्थ होने के बाद 16 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है।
बुधवार को सरकारी लैब से प्रतीक्षारत 274 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। इसमें 29 लोग संक्रमित पाए गए हैं। वहीं जिलेभर में एंटीजन किट और ट्रूनेट मशीन से 1104 लोगों की जांच कराई गई। इसमें 14 लोग संक्रमित निकले हैं। संक्रमितों में अमरोहा में एक बैंक कैशियर, अधिवक्ता, गर्भवती और जोया और गजरौला की फैक्टरी के तीन कर्मचारी शामिल है। कोविड नोडल अधिकारी डॉ हरिदत्त नेमी ने बताया कि बुधवार को जिलेभर में कोरोना के 43 नए मरीज मिले हैं। संक्रमितों को होम आइसोलेशन और कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 3092 पहुंच गई है। कुल 251 केस एक्टिव चल रहे हैं। वहीं स्वस्थ होने के बाद 16 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। अबतक 123638 लोगों की जांच कराई जा चुकी है। जिसमे 1447 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है। वहीं 634 सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए हैं।