{"_id":"63281ed3537290053c16f641","slug":"amroha-a-bus-full-of-school-children-collided-with-an-electric-pole","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमरोहा : हाईवे पर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराई स्कूल बच्चों से भरी बस, चालक समेत तीन घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अमरोहा : हाईवे पर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराई स्कूल बच्चों से भरी बस, चालक समेत तीन घायल
Mon, 19 Sep 2022 01:18 PM IST
विक्रांत चतुर्वेदी
अमर उजाला नेटवर्क, अमरोहा
अमर उजाला नेटवर्क, अमरोहा
Published by: विक्रांत चतुर्वेदी
Updated Mon, 19 Sep 2022 01:18 PM IST
विज्ञापन
स्कूल बस
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हाईवे पर बाइक सवार दूधिया को बचाने के चक्कर स्कूली बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर लगते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। थोड़ी देर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। खबर मिलते ही बच्चों के परिजन भी मौके पर आ गए। हादसे में चालक और दो बच्चों समेत तीन घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।
विज्ञापन
ये हादसा डिडौली कोतवाली क्षेत्र हरियाना गांव के सामने हुआ। डिडौली के डीएनएस पब्लिक स्कूल की बस पर यहीं के रहने वाले आसिफ चालक है। सोमवार की सुबह वह क्षेत्र के गांव सेथली, टिकिया, फतेहपुर, मीरपुर, असगरीपुर और शहनाज होटल के बच्चों को लेकर कॉलेज जा रहा था। बस में कुल 25 बच्चे सवार थे। जैसे ही बस हाईवे स्थित हरियाना गांव के सामने पहुंची तभी आगे चल रहे दूधिया की बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई।
विज्ञापन
जिसे बचाने के चक्कर में स्कूली बस का ड्राइवर आसिफ भी स्टीयरिंग से नियंत्रित खो बैठा। तभी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए रॉन्ग साइड में जाकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर लगते ही स्कूली बच्चों में चीख-पुकार मच गई। थोड़ी देर में स्थानीय लोग और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने स्कूली बच्चों को बस से बाहर निकाला। हादसे की खबर लगते ही बच्चों के अभिभावक भी मौके पर दौड़ आए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर पीके चौहान ने बताया कि हादसे में असगरीपुर निवासी रिहान (11) पुत्र साने आलम और मोहम्मद साद(10) पुत्र अब्दुल वाजिद व चालक आसिफ घायल हुए हैं। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। अन्य सभी बच्चे बिल्कुल स्वस्थ हैं। मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
विज्ञापन
...तो टल गया बड़ा हादसा
हाईवे पर स्कूली बच्चों से भरी बस बिजली के खंभे से टकराने के बाद बड़ा हादसा होने से टल गया। गनीमत रही बस जिस बिजली के खंभे से टकराई थी उस पर एबी लाइन खींची हुई थी और बिजली भी नहीं आ रही थी। अगर बिजली आई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।