गजरौला (अमरोहा)। तेज बारिश के दौरान अचानक ही कच्चे मकान की दीवार भरभरा कर ढह गई और टिन शेड भी उड़ गया। भीतर सो रहे दंपति समेत छह लोग मलबे में दब गए। शोरशराबा होने पर आए मोहल्ले के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और निजी चिकित्सक के पास ले गए। पीड़ित परिवार के समक्ष रात गुजारने का संकट खड़ा हो गया।
बृहस्पतिवार की शाम हल्की बारिश शुरू हो गई थी। रात दस बजे के बाद बारिश तेज हो गई। झमाझम बारिश के साथ ही सर्द हवाएं भी चल रही थीं। रात लगभग पौने 12 बजे नगर के मोहल्ला जलाल नगर में तालाब के निकट रहने वाला शान मोहम्मद पुत्र अब्दुल अजीज अपने कच्चे मकान में पत्नी रिहाना और चार बच्चों दृक्षा, सुल्तान, सुल्ताना, सानिया के साथ सोया हुआ था। मकान में छत के स्थान पर टिनशेड पड़ा हुआ था। बताते हैं कि अचानक तेज आंधी और बारिश से मकान की दीवार भरभरा कर ढह गई और टिन शेड उड़ गया। भीतर सो रहे सभी लोग मलबे में दब गए। उनके चीखने-चिल्लाने पर वहां पहुंचे आस पड़ोस के लोगों ने सभी को बाहर निकाला और उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए। वहीं मौके पर भारी भीड़ लग गई। शुक्रवार को भी दिन भर हुई तेज बारिश के दौरान शान मोहम्मद के घर में रखा काफी सामान खराब हो गया था। वहीं पीड़ित परिवार के समक्ष रात गुजारने का संकट भी खड़ा हो गया है।