यूपी: सुपारी किलिंग से गैंगवार तक, पूर्वांचल के छह जिलों में फैला था वाहिद का नेटवर्क; फोन से करता था ऑपरेट
अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए वाहिद अंसारी का आपराधिक नेटवर्क पूर्वांचल के छह जिलों तक फैला था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी समेत 35 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, वह सुपारी लेकर हत्याएं करने वाले गिरोह से जुड़ा था। असलहा तस्करी नेटवर्क से भी उसके संबंध सामने आए।
विस्तार
पुलिस मुठभेड़ में मारा गया वाहिद अंसारी एक शातिर अपराधी था, जो बिल्लू इंदौरिया गैंग से जुड़ा था और सुपारी लेकर हत्याएं करने वाले गिरोह का सदस्य था। उसके खिलाफ छह जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 35 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र का रहने वाला वाहिद वर्ष 2014 से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और वर्ष 2023 तक उसके खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज होते रहे। आजमगढ़, गाजीपुर, सुल्तानपुर, वाराणसी, गौतमबुद्धनगर और चंदौली जैसे जिलों में उसके आपराधिक मामले दर्ज थे।
हत्या और हत्या के प्रयास जैसे संगीन मामलों के साथ ही उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी थी। सुपारी किलिंग से जुड़े गिरोह में उसकी भूमिका के कारण पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। अकबरपुर में हुई मुठभेड़ में मारे जाने के बाद उसके आपराधिक सफर का अंत हो गया। पुलिस उसके साथ मौजूद दूसरे बदमाश की तलाश कर रही है, जिससे गिरोह के नेटवर्क और अन्य वारदातों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
मुठभेड़ में पुलिसकर्मी घायल
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग में शहर कोतवाल भूपेंद्र सिंह और एसओजी के सिपाही सोनू यादव घायल हो गए। दोनों के बाएं हाथ में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। कोतवाल को सुबह 2:50 बजे और सिपाही को 3:15 बजे अस्पताल पहुंचाया गया।
बिट्टू इंदौरी की गिरफ्तारी से खुला था वाहिद का नाम
मध्य प्रदेश से पूर्वांचल तक असलहा तस्करी का नेटवर्क चलाने वाले बिट्टू इंदौरी उर्फ देवेंद्र सक्सेना की 31 अक्तूबर को एसटीएफ द्वारा की गई गिरफ्तारी के बाद सुपारी किलर वाहिद अंसारी का नाम सामने आया था। जांच में पता चला कि बिट्टू मध्य प्रदेश और हरियाणा से हथियार मंगाकर पूर्वांचल के कई जिलों में सप्लाई करता था।
वह मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में स्थानीय कारीगरों से 15 से 30 हजार रुपये में पिस्टल खरीदकर 35 से 40 हजार रुपये में बेचता था। गोरखपुर तक हथियार पहुंचाने के लिए वह 10 हजार रुपये अतिरिक्त लेता था। गोरखपुर में हत्या की वारदात के लिए खजनी के एक गिरोह को भी उसी ने असलहे उपलब्ध कराए थे। इसी नेटवर्क की जांच के दौरान कैंट पुलिस ने दर्ज मुकदमे की विवेचना में वाहिद को भी आरोपी बनाया था, जिसके बाद से एसटीएफ और कैंट पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
लव मैरिज के बाद सुल्तानपुर में बना लिया था ठिकाना
गाजीपुर जिले के बहरियाबाद का रहने वाला वाहिद अंसारी काफी समय पहले अपना गृह जिला छोड़कर सुल्तानपुर में बस गया था। पुलिस के मुताबिक, उसने वहां प्रेम विवाह किया था और सुल्तानपुर को ही अपना ठिकाना बना लिया था। इसी दौरान वह पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता रहा।
दूसरी ओर, बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह से जुड़े अंतरराज्यीय असलहा तस्करी नेटवर्क की जांच में एसटीएफ और कैंट पुलिस अब तक 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं। मामले में कुल 31 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें पीएसी का एक जवान भी शामिल है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जांच एजेंसियां बिट्टू इंदौरी और वाहिद से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही हैं।
मस्कट से लौटकर अपराध की राह पर चला वाहिद
बहरियाबाद का रहने वाला वाहिद अंसारी करीब बारह साल पहले मस्कट से गांव लौटा था। मस्कट में करीब ढाई साल तक सिलाई का काम करने वाला वाहिद जब गांव लौटा तो उसकी जिंदगी की दिशा बदल गई। 2014-15 के आसपास गांव लौटने के बाद वह पुराने साथियों के संपर्क में आया और लूट-छिनैती जैसी घटनाओं में शामिल हो गया।
पलहना में मोबाइल की दुकान में लूट के मामले में उसका नाम सामने आया। इसके बाद सादात में मिठाई कारोबारी हरिवंश यादव की हत्या में भी उसकी भूमिका सामने आई। अपराध बढ़ने के साथ पुलिस ने 23 दिसंबर 2017 को उसकी हिस्ट्रीशीट खोल दी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसे छह बार गिरफ्तार किया गया और चार बार जेल भेजा गया। वह दो बार बलिया जेल में भी रहा। वर्ष 2026 में आजमगढ़ के जहानागंज में मुठभेड़ के दौरान अवैध हथियार और लूट के गहनों के साथ उसकी गिरफ्तारी हुई थी।
परिवार से टूटा नाता, मां को गलत संगत का मलाल
वाहिद की मौत की खबर मिलने पर परिवार को पुलिस के जरिए जानकारी हुई। मां खुर्शिदा बेगम के मुताबिक, बचपन में वाहिद का व्यवहार अच्छा था। उसने हाईस्कूल तक पढ़ाई की थी और रोजी-रोटी के लिए मस्कट गया था। वहां से लौटने के बाद गलत संगत ने उसकी जिंदगी बदल दी। बड़े भाई इकबाल अहमद ने बताया कि वाहिद पिछले सात-आठ वर्षों से घर से दूर था और परिवार के किसी सदस्य से उसका संपर्क नहीं था।
वर्ष 2022 में उसने सुल्तानपुर निवासी अजरा बानो से शादी की थी। उसकी दो बेटियां आयजा (तीन वर्ष) और अमीरा (डेढ़ वर्ष) हैं। परिवार के मुताबिक, पत्नी और बच्चों से भी पिछले साढ़े चार से पांच वर्षों से संपर्क नहीं था। करीब डेढ़ वर्ष पहले पुलिस ने उसके हिस्से के कमरे को कुर्क कर सील कर दिया था। बुधवार सुबह पुलिस ने घर पहुंचकर उसकी मौत की सूचना दी, जिसके बाद पिता और भाई अंबेडकरनगर रवाना हुए।
बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली, फिर भी मोर्चे पर डटी रहीं एसपी
शिवबाबा बैरियर पर बदमाशों से मुठभेड़ के दौरान पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने अभियान की कमान संभाले रखी। बदमाशों की घेराबंदी से लेकर जवाबी कार्रवाई तक वह मौके पर मौजूद रहीं। इस दौरान एक गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी, लेकिन उन्होंने अभियान की निगरानी जारी रखी। बुधवार देर रात बदमाशों की मौजूदगी की सूचना पर अकबरपुर-अयोध्या हाईवे पर एसओजी समेत पुलिस की कई टीमों ने घेराबंदी की थी।
चेकिंग के दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वाहिद अंसारी मारा गया। करीब दो घंटे चले अभियान में घायल हुए पुलिसकर्मियों के उपचार और उनकी स्थिति की जानकारी भी एसपी लेती रहीं। रातभर अभियान में सक्रिय रहने के बाद बुधवार सुबह एसपी ने जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग
डीआईजी अयोध्या रेंज सोमेन बर्मा ने बताया कि वाहिद अंसारी हार्डकोर अपराधी था और उसे पकड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस पर फायरिंग के बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें वह मारा गया।
सात माह में दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारे गए
एसपी प्राची सिंह के सात माह के कार्यकाल में जिले में दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हैं। बुधवार भोर शिवबाबा धाम परिसर के पास वाहिद अंसारी के मारे जाने से पहले चार मई 2026 को आमिर को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था।
आमिर पर अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद में चार बच्चों और उनकी मां की हत्या का आरोप था। सुड़ारी अफजलपुर के पास हुई मुठभेड़ में उसकी फायरिंग से मरैला चौकी प्रभारी राजेश यादव और एसओजी सिपाही जाकिर हुसैन घायल हुए थे। हालांकि, आमिर के एनकाउंटर पर पीड़ित परिवार ने सवाल उठाए थे और मामले की मजिस्ट्रियल जांच भी चल रही है।
सीने और पैर को पार कर गईं गोलियां
पुलिस मुठभेड़ में मारे गए वाहिद अंसारी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट बुधवार देर रात आ गई। रिपोर्ट के अनुसार, उसके सीने और पैर में गोली लगी थी, जो दोनों शरीर के आर-पार हो गई थीं। तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया, जिसमें डॉ. दिनेश वर्मा, डॉ. गौतम शर्मा और डॉ. शैलेंद्र चौधरी शामिल रहे। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
