Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ambedkar Nagar News ›   The wall collapsed, the old woman died by being crushed

दीवार ढही, दबकर वृद्धा की मौत

Wed, 27 Jul 2022 11:48 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Wed, 27 Jul 2022 11:48 PM IST
विज्ञापन
The wall collapsed, the old woman died by being crushed
अंबेडकरनगर। भारी बारिश ने बुधवार सुबह जिले में जमकर कहर बरपाया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में छप्पर ढहने से उसकी चपेट में आकर वृद्धा की मौत हो गई। वहीं, सम्मनपुर थाना क्षेत्र में दीवार ढहने से चपेट में आकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मूसलधार बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया है। इससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कत हुई। अकबरपुर में एक दर्जन से अधिक घरों में पानी घुस गया।
विज्ञापन

बुधवार भोर से सुबह 11 बजे तक हुई मूसलधार बारिश ने चहुंओर जमकर कहर बरपाया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर बंदनडीह गांव निवासी भागीरथी देवी (62) छप्परनुमा मकान में सो रही थी। बारिश के बीच अचानक दीवार सहित छप्पर गिर पड़ा जिससे वह उसके नीचे दब गई। गुहार पर पहुंचे ग्रामीणों व परिजनों ने मलबे के नीचे से वृद्धा को निकाला लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई थी।
विज्ञापन

सांस चलने की उम्मीद में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां मृत घोषित कर दिया गया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच एसडीएम सदर पवन कुमार जायसवाल व तहसीलदार जेपी यादव गांव पहुंचे। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढ़स बंधाया। साथ ही आर्थिक सहायता का भरोसा भी दिलाया।
विज्ञापन
विज्ञापन

उधर सम्मनपुर थाना क्षेत्र के खानपुर जल्लहिया गांव निवासी गंगाराम (45) घर के निकट खड़ा था कि इसी बीच बारिश के चलते कच्ची दीवार ढह गई। इससे वह उसकी चपेट में आ गया। जब तक उसे मलबे से निकाला जाता, वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बारिश से जिला मुख्यालय से लेकर अन्य बाजारों में जगह-जगह जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। अकबरपुर नगर के उसरहवा मोहल्ले की गलियां पूरी तरह से जलाशय में तब्दील हो गईं। हालत यह थी कि लगभग एक दर्जन घरों में गंदा पानी घुस गया। इससे मोहल्ले वासियों को काफी दिक्कत हुई। मोहल्ले के नीरज व संदीप ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि नियमित रूप से नाले-नालियों की साफ-सफाई होती रहे तो शायद ऐसी मुश्किल न खड़ी हो।
इसी तरह अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर शीतला आश्रम से बनगांव मोड़ तक, शहजादपुर सब्जी मंडी, नवीन मंडी, कृषि भवन क्षेत्र, बस स्टेशन क्षेत्र, कलेक्ट्रेट के निकट सड़क पर नाले व नाली का गंदा पानी बहने से नागरिकों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। नवीन मंडी में जलभराव के चलते दुकानदारों को बहुत परेशानी हुई।
सब्जी दुकानदार वारिस व लल्लू ने नाराजगी जताते हुए कहा कि समुचित साफ-सफाई कराए जाने की मांग समय-समय पर की जाती रहती है लेकिन जिम्मेदारों द्वारा कोई गंभीरता नहीं दिखाई जाती। इसी का नतीजा है कि जलभराव हुआ है। इसके अलावा केदारनगर बाजार, भीटी, बसखारी, शुकुलबाजार, जहांगीरगंज, राजेेसुल्तानपुर समेत कई अन्य क्षेत्रों में भी जलभराव का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ा।
मूसलधार बारिश से बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो गई। ग्रामीण क्षेत्र की बात दूर, जिला मुुख्यालय के ही ज्यादातर क्षेत्रों के लगभग 25 हजार उपभोक्ताओं को बदतर बिजली आपूर्ति व्यवस्था का सामना करना पड़ा। अकबरपुर नगर के मीरानपुर, पुरानी तहसील तिराहा के निकट का क्षेत्र, तमसा मार्ग, मुरादाबाद, पेवाड़ा, अहिराना समेत कई अन्य क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
उपभोक्ता शहाब परेवेश, सुनील व रामजी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें सुचारु बिजली मिल सके, इसे लेकर पावर कार्पोरेशन गंभीरता नहीं दिखा रहा। इसके अलावा राजेसुल्तानपुर, हजपुरा, महरुआ, भीटी, कटेहरी, सैदापुर व टांडा समेत कई अन्य क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भी सुचारु बिजली नहीं मिल सकी।

मूसलधार बारिश का प्रतिकूल प्रभाव विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था पर भी पड़ा। झमाझम हो रही बारिश को देखते हुए डीएम सैमुअल पॉल एन के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने परिषदीय विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया। इसके अलावा ज्यादातर निजी विद्यालयों व कॉलेजों में भी बारिश के चलते अवकाश हो गया। जिन विद्यालयों व कॉलेजों में पढ़ाई हुई भी तो वहां छात्र-छात्राओं की संख्या बहुत कम रही।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed