Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ambedkar Nagar News ›   SuBhASPA eyes Ram Achals political stronghold

Ambedkar Nagar News: राम अचल के सियासी दुर्ग पर सुभासपा की नजर

Wed, 18 Nov 2026 10:44 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Wed, 18 Nov 2026 10:44 PM IST
विज्ञापन
SuBhASPA eyes Ram Achals political stronghold
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर। विधानसभा चुनाव से पहले अकबरपुर सीट पर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने लगी है। सपा विधायक राम अचल राजभर के सियासी गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी में सुभासपा जुटी है। पार्टी अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के यहां से चुनाव लड़ने की चर्चाएं हैं। सुभासपा ने एनडीए गठबंधन से अकबरपुर सीट की मांग की है। वहीं, भाजपा में भी इस सीट से टिकट के लिए अब तक 10 नेता दावेदारी कर चुके हैं।
विज्ञापन


अकबरपुर सीट पर सुभासपा की दिलचस्पी के पीछे क्षेत्र का सामाजिक और राजनीतिक समीकरण भी अहम है। सपा विधायक राम अचल राजभर का यहां लंबे समय से प्रभाव रहा है। ऐसे में ओम प्रकाश राजभर की संभावित उम्मीदवारी से एक ही समाज के दो प्रमुख राजनीतिक चेहरों के बीच मुकाबले की स्थिति बन सकती है। गठबंधन में यह सीट किसके हिस्से आएगी, यह भी महत्वपूर्ण होगा। दूसरी तरफ भाजपा के लिए भी अकबरपुर की चुनौती कम नहीं है। इस विधानसभा सीट पर पार्टी अब तक जीत दर्ज नहीं कर सकी है। वर्ष 2022 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी धर्मराज निषाद 69,595 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे थे। आगामी चुनाव में अकबरपुर की राजनीतिक तस्वीर काफी हद तक गठबंधन के फैसले और प्रत्याशियों के चयन पर निर्भर करेगी।
विज्ञापन


पांच बार बसपा, एक बार सपा से जीते राम अचल

राम अचल राजभर ने वर्ष 1993 में बसपा के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत दर्ज की और विधानसभा पहुंचे। इसके बाद 1996, 2002 और 2007 में लगातार विधायक बने। वर्ष 2012 में उन्होंने अपने पुत्र संजय राजभर को चुनाव लड़ाया, लेकिन उन्हें हार मिली। वर्ष 2017 में राम अचल बसपा से खुद मैदान में उतरे और जीत हासिल की। सात नवंबर 2021 को वह सपा में शामिल हो गए। वर्ष 2022 के चुनाव में उन्होंने भाजपा के धर्मराज निषाद को 12,336 मतों से हराया। जनवरी 2023 में सपा ने उन्हें राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


ओम प्रकाश राजभर के प्रभाव से बदल सकता है सियासी गणित

जिले के प्रभारी मंत्री के तौर पर ओम प्रकाश राजभर की अकबरपुर में लगातार सक्रियता उनकी राजनीतिक दिलचस्पी को दर्शाती है। राजभर समाज में उनकी पहचान के साथ एनडीए में उनकी भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उनकी उम्मीदवारी की स्थिति में भाजपा के परंपरागत सवर्ण मतदाताओं के साथ राजभर और दलित समुदाय के संभावित जुड़ाव का समीकरण बन सकता है। इससे चुनावी मुकाबले में सामाजिक समर्थन का दायरा प्रभावित हो सकता है। वहीं, राजभर समाज के मतदाताओं के बीच राम अचल और ओम प्रकाश राजभर की अलग-अलग राजनीतिक पहचान भी इस सीट के मुकाबले को दिलचस्प बना सकती है।

सुभासपा के सिंबल पर होगा चुनाव

एनडीए गठबंधन से अकबरपुर सीट की मांग की गई है। यहां सुभासपा के सिंबल पर ही चुनाव लड़ा जाएगा। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर यहां लगातार सक्रिय हैं।

-सीपी निषाद, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सुभासपा (युवा मंच)
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed