UP News: गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ा दबाव, सीट के लिए यात्रियों में मची होड़; वेटिंग लिस्ट लंबी
गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। सीट के लिए होड़ मची हुई है। कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रही है। लंबी दूरी की ट्रेनों पर वेटिंग लिस्ट भी लंबी है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
गर्मी की छुट्टियों का मौसम शुरू होते ही अंबेडकरनगर में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। परिवार के साथ पर्यटन स्थलों, रिश्तेदारों और पैतृक घरों की ओर जाने वाले लोगों के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटों के लिए जबरदस्त मारामारी देखने को मिल रही है। स्थिति यह है कि अधिकांश नियमित ट्रेनों में एक से दो माह पहले ही आरक्षण पूर्ण हो चुका है। अब यात्रियों को लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली, जम्मू, कोलकाता, देहरादून, मुंबई और अन्य प्रमुख शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। अवकाश के दौरान बच्चों को लेकर यात्रा करने वाले परिवारों के लिए सबसे बड़ी चुनौती कन्फर्म टिकट प्राप्त करना बन गई है। रेलवे की नियमित सेवाओं पर बढ़े दबाव के बीच यात्रियों को राहत देने के लिए अभी तक क्षेत्र से कोई समर स्पेशल ट्रेन संचालित नहीं की गई है। इससे समस्या और गंभीर होती जा रही है।
टिकटों की भारी मांग बनी हुई है
रेलवे आरक्षण केंद्रों और ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म पर भी टिकटों की भारी मांग बनी हुई है। कई ट्रेनों में स्लीपर, थर्ड एसी और सेकंड एसी श्रेणी की सीटें पहले ही भर चुकी हैं। ऐसे में यात्रियों को वेटिंग टिकट लेकर यात्रा की उम्मीद लगानी पड़ रही है। जिन लोगों को आरक्षण नहीं मिल पाया, वे जनरल डिब्बों का सहारा लेने को मजबूर हैं, जहां पहले से ही भारी भीड़ उमड़ रही है।
टांडा निवासी अंजना ने बताया कि उन्होंने करीब 15 दिन पहले दून एक्सप्रेस में टिकट बुक कराया था, लेकिन अब तक टिकट कन्फर्म नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ लंबी यात्रा में अनिश्चितता और परेशानी दोनों बनी हुई हैं।
वहीं शहर निवासी ऋषभ, जो अपने बच्चों को गर्मी की छुट्टियों में ननिहाल छोड़ने जा रहे हैं, ने बताया कि आरक्षण न मिलने के कारण अब जनरल डिब्बे में यात्रा करनी पड़ सकती है, लेकिन वहां की भीड़ देखकर सफर को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ट्रेनों की स्थिति 10 जून तक
- कैफियत एक्सप्रेस- 45 वेटिंग
- कोलकाता एक्सप्रेस- 67 वेटिंग
- दून एक्सप्रेस- 71 वेटिंग
- सद्भावना एक्सप्रेस- रिग्रेट
- साबरमती एक्सप्रेस- रिग्रेट
- फरक्का एक्सप्रेस-रिग्रेट
- जम्मू तवी एक्सप्रेस- रिग्रेट
स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के कारण यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। फिलहाल इस रूट पर कोई समर स्पेशल ट्रेन संचालित नहीं की जा रही है। इससे नियमित ट्रेनों पर दबाव अधिक बना हुआ है।