फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ambedkar Nagar News ›   Amrit scheme worth 85 crores lost due to corruption

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी 85 करोड़ की अमृत योजना

Thu, 14 Apr 2022 11:09 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Thu, 14 Apr 2022 11:09 PM IST
विज्ञापन
Amrit scheme worth 85 crores lost due to corruption
अंबेडकरनगर। लगभग 85 करोड़ रुपये से अकबरपुर नगर पालिका परिषद में संचालित अमृत योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। जल निगम की ओर से योजना के तहत जो अंडरग्राउंड पाइप लाइन बिछाई गई है, वह दोयम दर्जे की निकली। नतीजा यह है कि बिछाने के साथ ही कहीं पाइप लाइन फट गई, तो कहीं सुचारु रूप से जलापूर्ति करने के लिए दो पाइपों को आपस में जोड़ा ही नहीं जा सका है। ओवरहेड टैंक के निर्माण में भी मानकों की अनदेखी की गई। नतीजा यह है कि नागरिकों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। पाइप के फटने से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। पानी सड़क पर या फिर नाली में बह रहा है। ऐसे में भीषण गर्मी में नागरिकों को शुद्ध पेयजल के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पाइप लाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो जाने के चलते अकबरपुर नगर पालिका परिषद ने जल निगम को कड़ा पत्र लिखकर गड़बड़ी दूर करने को कहा है।
विज्ञापन

नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शासन की ओर से संचालित अमृत योजना का समुचित लाभ अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र के लोगों को नहीं मिल पा रहा है। वर्ष 2018 में अमृत योजना के तहत अकबरपुर नगर पालिका परिषद में कार्य प्रारंभ हुआ। 85 करोड़ रुपये की लागत से योजना के तहत निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था जल निगम ने शुरू किया। कुल 7 ओवरहेड टैंक, 25 ट्यूबवेल की स्थापना के साथ ही 250 किमी. क्षेत्रफल में पाइप लाइन बिछाने के साथ ही 10 हजार 611 घरों में कनेक्शन दिए गए।
विज्ञापन

योजना के तहत निर्माण व पाइप लाइन बिछाए जाने में मानकों की अनदेखी की गई। एक तरफ जहां ओवरहेड टैंक के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किए जाने की शिकायत सामने आई, तो वहीं दोयम दर्जे की पाइप का प्रयोग करने की शिकायतें भी हुईं। इन सभी शिकायतों को अधिकारियों ने ठंडे बस्ते में डाल दिया। नतीजा यह है कि योजना के तहत कराया गया कार्य पूरी तरह से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। आलम यह है कि पिछले कुछ समय से चल रहा टेस्टिंग का कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है। हालत यह है कि पानी की आपूर्ति होते ही जहां-तहां पाइप फट जा रही है। कहीं पानी सड़क पर फैल रहा है तो कहीं नालियों में। जोड़ लगाने व ठीक किए जाने के बाद भी पाइप लाइन दुरुस्त नहीं हो पा रही है। इससे आम लोग परेशान हैं। उन्हें टंकी बनने व पाइप लाइन बिछाने के बाद भी शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

साल भर पहले लगी टोटी, नहीं निकला पानी
सीहमई निवासी मनीष गौड़ व शिवभूषण त्रिपाठी ने कहा कि घटिया पाइप लगने से जैसे ही वाटर सप्लाई शुरू होती है, तो वह फट जाती है। इससे पानी सड़क पर बहने लगता है। इसकी शिकायत कई बार जिम्मेदारों से की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। शिवबाबा के चंदा देवी व दीपक कुमार ने कहा कि जो पानी घर तक पहुंचना चाहिए, वह भ्रष्टाचार के चलते सड़क व नालियों में बह रहा है। लगभग एक वर्ष पहले ही घर में टोटी लगा दी गई, लेकिन पानी अब तक नहीं निकल सका है। ऐसा सिर्फ इसलिए कि योजना में बड़े पैमाने पर धांधली बरती गई। कई अन्य नागरिकों ने कहा कि इस मामले में जिला प्रशासन को आगे आकर जांच कराने की जरूरत है। सख्ती बरतने से ही भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सकेगा।
जिम्मेदारों पर की जाए कड़ी कार्रवाई
नगर के विभिन्न मोहल्लों में पाइप लाइन बिछाने तथा टंकी के निर्माण में धांधली बरते जाने को लेकर लगातार आवाज उठा रहे सामाजिक कार्यकर्ता अनिल कुमार मिश्र ने कहा है कि जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है। कहा कि वे शुरुआती दौर से ही अमृत योजना में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर कर रहे हैं। इसे लेकर समय-समय पर आवाज भी बुलंद करते चले आए हैं। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने गंभीरता नहीं दिखाई। नतीजा यह है कि मौजूदा समय में यह योजना भ्रष्टाचार का शिकार होकर रह गई है। कहा कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। अनिल ने बताया कि प्रधानमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत के बाद उपसचिव एसी मलिक को जांच दी गई है। हालांकि स्थानीय स्तर पर जिला प्रशासन को जांच कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
16 स्थानों पर चिह्नित की गई गड़बड़ी
अमृत योजना में बरती गई लापरवाही की लगातार मिल रही शिकायत को संज्ञान में लेते हुए अधिशाषी अधिकारी अकबरपुर नगर पालिका परिषद बीना सिंह ने जल निगम को पत्र भेजा है। पत्र में 16 स्थान चिह्नित किए गए हैं। इसमें कहा गया कि कई जगहों पर पाइप फटने के चलते लोगों को पानी नहीं मिल रहा, तो वहीं दोस्तपुर रोड पर ट्रैच का मिलान नहीं हो सका है। पंडाटोला शहजादपुर में समुचित सप्लाई की व्यवस्था नहीं है। कृष्णानगर मोहल्ले में इसी प्रकार की समस्या है। गौहन्ना के निकट तीन सौ एमएम का पाइप टूटा है। कसाईबाड़ा के निकट पाइप लाइन का मिलान नहीं किया जा सका है। फायर ब्रिगेड स्टेशन के पीछे पाइप लाइन तो डाली गई, लेकिन मिलान नहीं किया गया। बनगांव रोड पर पानी नहीं जा रहा है। इंद्रलोक कॉलोनी में पाइप का मिलान नहीं हो सका है, तो ग्लोबल विज्डम के निकट पाइप लाइन टूटी है। शिवबाबा व सीहमई में पाइप लाइन में पानी नहीं जा रहा है।

10 दिन में कराया जाएगा दुरुस्त
निर्माण की जिम्मेदारी जल निगम अंबेडकरनगर की थी। कार्य पूरा होने के बाद उसे जल निगम अर्बन को हैंडओवर किया गया। टेस्टिंग के दौरान पाइप लाइन फटने की समस्या होती रहती है। गुरुवार को नगर पालिका व जल निगम की टीम ने संयुक्त सर्वे किया है। जहां जहां गड़बड़ी है, उसे 10 दिन में दुरुस्त कर दिया जाएगा।
- सुनील कुमार, अधिशाषी अभियंता जल निगम अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed