जहांगीरगंज। थाना क्षेत्र के जहांगीरगंज कस्बे में मंगलवार रात ट्रक अनियंत्रित होकर गुमटी को रौंदते हुए तालाब में घुस गया। ट्रक का अगला हिस्सा पानी में डूब गया। हालांकि, ट्रक के अंदर मौजूद चालक व क्लीनर ने किसी तरह से निकलकर जान बचा ली। उधर, गुमटी में रखी 25 मुर्गियां व बड़ी संख्या में अंडे नष्ट हो गए। मंगलवार रात एक ट्रक बस्ती से गिट्टी उतारकर मिर्जापुर जा रहा था। बताया जाता है कि ट्रक जहांगीरगंज कस्बे में पहुंचा था कि अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे रखी मटन व अंडे की गुमटी को रौंदते हुए तालाब में घुस गया। ट्रक का अगला हिस्सा पानी में डूब गया। हालांकि, समय रहते चालक व क्लीनर किसी तरह से ट्रक से बाहर निकल आए।
उधर, गुमटी में रखी 25 मुर्गियां व बड़ी संख्या में अंडे मौजूद नष्ट हो गए। मीट दुकान संचालक मकसूद आलम के अनुसार, हादसे में उसे करीब 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। माना जा रहा है कि चालक को नींद आ जाने के चलते यह हादसा हुआ है। गनीमत रही कि रात होने के चलते न तो कोई गुमटी में मौजूद था। बुधवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। दोपहर बाद ट्रक को तालाब से बाहर निकाल लिया गया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक के अनियंत्रित होकर पलटने की सूचना मिली थी। मौके का जायजा लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।