{"_id":"60ccc605f173415ce4781275","slug":"zila-panchayat-president-election-bjp-candidate-could-not-be-announced-brainstorming-took-place-till-late-night","type":"story","status":"publish","title_hn":"जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव : इस बार गंगापार से हो सकता है भाजपा का अध्यक्ष पद का प्रत्याशी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव : इस बार गंगापार से हो सकता है भाजपा का अध्यक्ष पद का प्रत्याशी
Sat, 19 Jun 2021 01:46 PM IST
विनोद सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
Published by: विनोद सिंह
Updated Sat, 19 Jun 2021 01:46 PM IST
सार
- केशव की मौजूदगी में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए समर्थित प्रत्याशी के नाम पर हुई चर्चा, गंगापार के एक जिला पंचायत सदस्य के नाम पर लगभग सहमति बनी
- कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, सांसद केशरी देवी पटेल समेत मौजूद रहे अन्य नेता
विज्ञापन
केशव प्रसाद मौर्य
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार लेकर स्थिति अब कुछ स्पष्ट होने लगी है। बताया जाता है कि गंगापार के एक जिला पंचायत सदस्य के नाम को लेकर लगभग सहमति बन गई है महज घोषणा शेष है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार की घोषणा लखनऊ से की जानी है। शनिवार को अध्यक्ष पद के उम्मीदवार की घोषणा हो सकती है। 26 जून को इसके लिए नामांकन पत्र दाखिल किया जाना है। काफी जद्दोजहद के बावजूद शुक्रवार को समर्थित प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं हो पाई। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में देर तक सहमति बनाने की कवायद होती रही। बताया जा रहा है कि एक नाम पर ज्यादातर नेता सहमत हैं। प्रदेश इकाई की सहमति के बाद शनिवार को उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जा सकती है।
विज्ञापन
जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए तीन जुलाई को मतदान होगा। इससे पहले 26 जून को नामांकन होगा। सपा की ओर से मालती यादव के समर्थन की घोषणा पहले ही की जा चुकी है लेकिन भाजपा ने अभी पत्ते नहीं खोले हैं। हालांकि, पार्टी के नेताओं का कहना है कि उम्मीदवार का नाम तय कर लिया गया है। अनुमति के लिए शीर्ष नेतृत्व को नाम भेजा भी जा चुका है। इन चर्चाओं के बीच उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को शहर में रहे। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि वे पार्टी समर्थित प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेंगे लेकिन देर रात तक इंतजार होता रहा।
विज्ञापन
हालांकि, उप मुख्यमंत्री ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत का दावा किया। उन्होंने ब्लाक प्रमुख के ज्यादातर पदों पर भी जीत के दावे किए। इन दावों के बीच केशव ने सर्किट हाउस में पार्टी नेताओं के साथ बैठक में उम्मीदवार के नाम पर भी चर्चा की। बैठक में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, सांसद केशरी देवी पटेल, विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, पूर्व विधायक दीपक पटेल एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि एक नाम पर ज्यादातर नेता सहमत हैं। प्रदेश नेतृत्व को इससे अवगत भी कराया गया। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि शनिवार को प्रदेश इकाई की ओर से समर्थित उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जा सकती है।
विज्ञापन