Prayagraj : टूटी शराब की बोतल घोपकर युवक की हत्या, झाड़ियों में फेंका शव
मऊआइमा थाना क्षेत्र के तिलक के पूरा गांव में शराब की टूटी बोतल घोंपकर एक युवक की हत्या कर दी गई। 22 वर्षीय युवक का शव झाड़ियों में मिलने पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
विस्तार
मऊआइमा थाना क्षेत्र के तिलक का पूरा गांव में शनिवार की सुबह रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में 25 वर्षीय युवक का शव मिला। चेहरे, गले, पेट और जबड़े पर धारदार हथियार से हमला कर युवक की हत्या की गई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पहुंची। खून से लथपथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। वहीं, पुलिस की तीन टीमों को जांच के लिए लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों की सूचना पर सुबह करीब साढ़े आठ बजे घटना की जानकारी हुई। युवक के शव की पहचान नहीं हो सकी। युवक के चेहरे, जबड़े, गले और पेट पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। हाथ पर भी गहरे जख्म थे। मृतक के दाहिने हाथ पर हिंदी में सोनम एस लिखा है। प्राथमिक जांच में युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
इंस्पेक्टर मऊआइमा राममूर्ति यादव ने बताया कि शनिवार देर शाम तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। शिनाख्त के लिए मृतक का फोटो सभी थानों को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष है। धारदार हथियार या कांच की टूटी बोतल से शरीर पर कई जगहों पर वार किया गया है। मौके से एक चाकू भी बरामद किया गया है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया है। - राजकुमार सिंह, एसीपी फूलपुर