Fraud : छह माह पूर्व पाकिस्तान में मर गई महिला, यहां उसके नाम से करा दी रजिस्ट्री
वर्ष 1965 में गांव निवासी कनीज सैयदा बेबी पति के साथ पाकिस्तान चली गई थीं। गांव की 0.3060 हेक्टेयर जमीन उन्होंने अपने भाई इबुल हुसैन जैदी के नाम कर दी थी। इबुल हुसैन ने अपने पुत्र आसिफ हैदर जैदी निवासी दयानंद मार्ग प्रयागराज के नाम पर जमीन की वसीयत कर दी थी।
विस्तार
सरायइनायत थाना क्षेत्र के सरायशंकर गांव में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। छह माह पूर्व जिस महिला की पाकिस्तान में मौत हो चुकी है, उसके नाम से यहां जमीन की रजिस्ट्री करा दी गई। सरायइनायत थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। हालांकि, मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
वर्ष 1965 में गांव निवासी कनीज सैयदा बेबी पति के साथ पाकिस्तान चली गई थीं। गांव की 0.3060 हेक्टेयर जमीन उन्होंने अपने भाई इबुल हुसैन जैदी के नाम कर दी थी। इबुल हुसैन ने अपने पुत्र आसिफ हैदर जैदी निवासी दयानंद मार्ग प्रयागराज के नाम पर जमीन की वसीयत कर दी थी।
आसिफ बीच-बीच में गांव आते रहते थे। इस बीच 29 अप्रैल 2023 को कनीज सैयदा बेबी की मृत्यु हो गई। छह माह बाद 31 अक्तूबर 2023 को गांव के नजर अब्बास ने सैयदा बेबी के फर्जी कागजात तैयार कराकर उनके स्थान पर दूसरी महिला को तहसील में पेश कर दिया।
इसके बाद रणजीत सिंह निवासी अज्ञात के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री करा दी और उसके अगले दिन संदिग्ध परिस्थितियों में तहसील में आग लगने से फाइल जल गई। आग लगने से 20 से 25 दिन तक तहसील बंद रही थी।
जांच में सामने आई हकीकत, दर्ज हुआ मुकदमा
अप्रैल 2024 में आसिफ गांव आए तो पता चला कि उनकी जमीन पर किसी और ने कब्जा कर लिया है। इस दौरान नजर अब्बास अपने दो-तीन साथियों के साथ पहुंचा और आसिफ से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में आसिफ ने उक्त जमीन की ऑनलाइन रजिस्ट्री निकलवाई तो फर्जीवाड़े का पता चला। आसिफ ने फर्जीवाड़े की लिखित शिकायत पुलिस कमिश्नर, डीएम, सीएम व पीएमओ कार्यालय में की तो जांच शुरू हुई। इसमें फर्जीवाड़ा सही पाए जाने पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने नजर अब्बास, रणजीत सिंह, एक अज्ञात महिला और तीन अन्य के खिलाफ, फर्जीवाड़े, रंगदारी मांगने और धमकी देने का केस दर्ज किया है।