Prayagraj :महिला ने नौकरी के लिए किया फर्जीवाड़ा, पति ने लिखाई रिपोर्ट, कौशाम्बी में है तैनात
जमाल उर्फ जमालुद्दीन मूल निवासी मऊ, जनपद-चित्रकूट व वर्तमान पता देवघाट, झलवा ने तहरीर देकर बताया कि झलवा की ही मूल निवासी 34 वर्षीय महिला से वर्ष 2008 में उसने मुस्लिम रीति रिवाज से प्रेम विवाह किया। नाराज होकर परिवारवालों ने उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह पत्नी के घर में रहने लगा।
विस्तार
धूमनगंज निवासी स्वास्थ्य विभाग की एक महिला कर्मचारी पर नौकरी के लिए फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगा है। रिपोर्ट उसके ही पति ने दर्ज कराई है। आरोप है कि पत्नी ने फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र लगाने के साथ ही गलत तथ्यों की जानकारी दी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी है।
जमाल उर्फ जमालुद्दीन मूल निवासी मऊ, जनपद-चित्रकूट व वर्तमान पता देवघाट, झलवा ने तहरीर देकर बताया कि झलवा की ही मूल निवासी 34 वर्षीय महिला से वर्ष 2008 में उसने मुस्लिम रीति रिवाज से प्रेम विवाह किया। नाराज होकर परिवारवालों ने उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह पत्नी के घर में रहने लगा।
इसके बाद पत्नी को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई। 2022-23 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत पत्नी की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कनैली, कौशाम्बी में कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर (सीएचओ) के पद पर संविदाकर्मी के तौर पर नियुक्ति हो गई। आरोप है कि नौकरी पाने के बाद उसने किसी और से दोस्ती कर ली।
आरोप है कि पत्नी ने शादी के बाद अपने आधार कार्ड में बतौर पति उसका नाम दर्ज करवाया था। हालांकि, नौकरी पाने के पूर्व उसने फर्जीवाड़ा कर आधार में अपने पिता का नाम अंकित करवा दिया। घर में रखे कागजातों से जानकारी हुई कि उसने नौकरी के लिए किए गए आवेदन व सत्यापन में खुद को अविवाहित दर्शाया।
इसके साथ ही अनुभव प्रमाण प्रपत्र भी फर्जी तरीके से बनवाया। इस तरह छल व कपटपूर्वक सही तथ्यों को छिपाकर नौकरी प्राप्त की। 31 जुलाई 2024 को रजिस्टर्ड शिकायती पत्र देने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इस पर पीड़ित ने कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर धूमनगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है।