गए थे कोवाक्सिन का टीका लगवाने, लग गया कोविशील्ड
- स्वास्थ्य विभाग ने भी माना, इस तरह की आ रहीं शिकायतें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना का टीका लगवाने जा रहे हैं तो टीकाकरण केंद्रों पर सतर्क रहने की जरूरत है। भीड़भाड़ होने और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की चूक से आपको दूसरा टीका लग सकता है। सोमवार को लोगों ने कोवाक्सिन का टीका लगवाने के लिए बुकिंग कराई. लेकिन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने कोविशील्ड का लगा दिया। स्वास्थ्य विभाग उनको अब दोबारा कोविशील्ड का ही टीका लगाने को बोल रहा है। उसका कहना है कि ऐसा मानवीय भूल से हुआ है। लोगों को चाहिए कि टीकाकरण सेंटर्स पर जाएं तो जिस टीके के लिए बुकिंग कराई है, उसी डेस्क पर जाएं और जो टीका बुक कराया है, उसे ही लगवाएं।
एसीएमओ डॉ. तीरथ लाल ने बताया कि किसी ने अगर कोवाक्सिन टीका लगाने की बुकिंग की है तो वह टीकाकरण सेंटरों पर कोवाक्सिन का टीका लगाने के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ता से जरूर बोल दें और जिसकी बुकिंग कोविशील्ड के लिए है तो वह कोविशील्ड का टीका लगवाएं। उन्होंने बताया कि कोविशील्ड की दूसरी डोज अब 12 हफ्ते बाद ही लगेगी, जबकि कोवाक्सिन की दूसरी डोज 28 दिनों के बाद लगाई जा रही है। टीकाकरण सेंटर पर कोवाक्सिन और कोविशील्ड के लिए अलग-अलग सत्र चलाए जा रहे हैं।
कॉल्विन में कोवाक्सिन की नहीं लगेगी पहली डोज
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. तीरथ लाल के मुताबिक बुधवार से कॉल्विन अस्पताल में कोवाक्सिन की पहली डोज नहीं लगाई जाएगी। शासन की ओर से इसके लिए निर्देश आया है। वहां कोवाक्सिन की दूसरी डोज लगेगी। पहली डोज लगवाने की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है।
9364 को लगा कोरोना का टीका
जिले में मंगलवार को कुल 9364 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। टीके की प्रथम डोज 9226 लोगों की लगी जबकि दूसरी डोज 138 लोगों को लगाई गई। और दिनों की तरह मंगलवार को कोविशील्ड की डोज लोगों को ज्यादा लगी। टीकाकरण सोमवार की तरह मंगलवार को भी 39 सेंटर्स पर हुआ। चार सेंटर्स पर कोवैक्सिन का अतिरिक्त सत्र चला।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. तीरथलाल ने बताया कि मंगलवार को 18 से 44 वर्ष की आयु वर्ग वाले लोगों में कुल 6729 को टीका लगा जबकि 45 या उससे अधिक आयु वर्ग में 2835 ने टीका लगवाया। और दिनों की तरह मंगलवार को भी सबसे अधिक टीका मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में लगा। यहां कुल 691 लोगों ने टीका लगवाया। इसके अलावा डफरिन में 332, बेली में 350, कॉल्विन अस्पताल में 325 लोगों को टीका लगाया गया। हालांकि, सोमवार के मुकाबले मंगलवार को टीकाकरण केंद्रों पर ज्यादा भीड़ नहीं देखी गई। टीका लगवाने के लिए लोग सुबह से ही केंद्रों पर नजर आए और अपनी बारी से टीका लगवाया।