प्रयागराज : गंगा एवं यमुना के जल स्तर में लगातार बढ़ोतरी जारी, शहर के कई इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा
गंगा और यमुना का जल स्तर बुधवार की सुबह ही 80 मीटर पार हो गया। पीछे से अभी पानी और आ रहा है। ऐसे में एक-दो दिनों में जलस्तर में तीन मीटर से अधिक की बढ़ोतरी संभावित है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गंगा और यमुना के जल स्तर में तेजी से बढ़ोतरी से कछार के निचले हिस्सों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इसके मद्देनजर अलर्ट जारी करने के साथ कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है। बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वालों को सतर्क करने के साथ आश्रय स्थलों में भी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
गंगा और यमुना का जल स्तर बुधवार की सुबह ही 80 मीटर पार हो गया। पीछे से अभी पानी और आ रहा है। ऐसे में एक-दो दिनों में जलस्तर में तीन मीटर से अधिक की बढ़ोतरी संभावित है। इसकी वजह से बघाड़ा, सलोरी, बेली, राजापुर आदि कछार के रिहायशी क्षेत्रों के करीब तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। जल स्तर में बढ़ोतरी का यही हाल रहा तो अगले एक से दो दिनों में पानी रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर जाएगा। इसके लिए प्रशासन की ओर से टीमें बनाई गईं हैं।
बाढ़ की चपेट में आने वाले लोगाें को सुरक्षित स्थानाें पर पहुंचाने के लिए आश्रय स्थलों को सक्रिय करने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह जिम्मेदारी एसडीएम सदर को दी गई है। फिलहाल, पांच स्कूलों को आश्रय स्थलों में तब्दील किया जाएगा। इनमें सफाई के साथ अन्य व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं। एसडीएम सदर युवराज सिंह का कहना है जरूरत पड़ने आश्रय स्थलों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
डीएम ने देखा हाल
डीएम संजय कुमार खत्री ने बुधवार को बक्शीबांध एसटीपी, मोरी गेट एवं अल्लापुर पंपिंग स्टेशन आदि स्थानाें का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पंपों को ठीक हालत में रखने के निर्देश दिए। इनके लिए 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने नावों की व्यवस्था करने एवं उनकी टैगिंग कराने के लिए भी कहा। इस दौरान एसडीएम वित्त एवं राजस्व जगदंबा सिंह, एसडीएम युवराज सिंह समेत अनेक अफसर मौजूद रहे।
‘पीछे से साढ़े सात लाख क्यूसेक पानी आ रहा है। ऐसे में दोनों नदियों के जल स्तर में अभी तीन मीटर तक बढ़ोतरी संभावित है। इसलिए लोगों से पशुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए कहा गया है। कुछ घरों तक भी पानी पहुंचने की आशंका है। इसे देखते हुए आश्रय स्थलों को सक्रिय करने तथा जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। ’ - संजय कुमार खत्री, डीएम