एलटी ग्रेड चयनितों की मार्कशीट का सत्यापन शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय कार्यालय ने एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों की मार्कशीट का सत्यापन शुरू करा दिया है। कई अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेखों अभ्यर्थी के नाम, पिता के नाम या माता के नाम में त्रुटि अथवा भिन्नता पाई गई है।
ऐसे अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे संबंधित बोर्ड या विश्वविद्यालय से अंकपत्र शुद्ध कराकर उसे 15 दिनों के भीतर अपर शिक्षा निदेशक (राजकीय) शिक्षा निदेशालय में 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराएं। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत 15 विषयों में 10768 पदों पर भर्ती के लिए 29 जुलाई 2018 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) इनमें से 13 विषयों का अंतिम चयन परिणाम घोषित करते हुए चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेखों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर चुका है और नियुक्ति की संस्तुति के साथ अभ्यर्थियों की फाइल माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को भेज चुका है। इन 13 विषयों में चयनित 4244 अभ्यर्थियों को अब नियुक्त का इंतजार है।
निदेशालय ने अब इन अभ्यर्थियों की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक एवं बीएड की मार्कशीट का सत्यापन शुरू करा दिया है। इनमें से तमाम अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेखों में अभ्यर्थी के नाम, पिता के नाम और माता के नाम त्रुटि या भिन्नता पाई गई है। हालांकि अभ्यर्थियों ने यूपीपीएससी में अभिलेख सत्यापन के दौरान इन त्रुटियों के मद्देनजर नोटरी शपथपत्र प्रस्तुत किया था।
इन नोटरी शपथपत्रों के आधार पर आयोग ने चयनितों की नियुक्ति की संस्तुति माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को भेज दी थी। नियमानुसार अभ्यर्थी का नाम जिस रूप में हाईस्कूल/समकक्ष प्रमाणपत्र में अंकित है, उसकी प्रकार उसके सभी प्रमाणपत्रों में होना चाहिए (महिला अभ्यर्थियों के विवाहित होने की स्थिति में सरनेम परिवर्तन को छोड़कर)।