vasant panchami 2021 : सर्वार्थ अमृत सिद्धि योग में वसंत पंचमी विशेष फलदायी
सर्वार्थ अमृतसिद्धि योग में मंगलवार को वसंत पंचमी इस बार विशेष पुण्य फलदायी होगी। रेवती नक्षत्र में चतुष्ग्रही योग मिलने से इस पर्व पर सुख-समृद्धि और सफलता प्राप्ति के भी योग बन रहे हैं। इस बीच संगम की रेती पर माघ मेले के चौथे स्नान पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि संतों-भक्तों को संगम पर डुबकी लगाने में किसी तरह की असुविधा न होने पाए।
ऋतुराज वसंत के आगमन की माघ मास की पंचमी इस बार दो नई विशेषताओं के साथ आ रही है। रेवती नक्षत्र में वसंत पंचमी पर चार ग्रहों की एक साथ युति बन रही है। गुरु, शनि, शुक्र और बुध के एस साथ रेवती नक्षत्र में आने से सफलता और कार्य सिद्धि का महायोग बन रहा है। शुभ कार्यों की शुरुआत के लिए यह तिथि विशेष फल प्रदान करने वाली होगी। मंगलवार की भोर में 4:38 बजे वसंत पंचमी तिथि आरंभ हो जाएगी। ऐसे में सूर्योदय के पहले ही संगम में पुण्य की डुबकी लगने लगेगी।