कॉल्विन में टीकाकरण को लेकर हंगामा, पुलिस ने फटकारीं लाठियां
- बुजुर्ग व महिलाएं धरने पर बैठे, दो घंटे तक अस्पताल में रही अफरातफरी
- 45 पार वालों को लगना था टीका, पहुंच गए 18-44 आयु वर्ग के लोग
विस्तार
कॉल्विन अस्पताल में सोमवार को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए अधिक संख्या में लोगों के पहुंचने से अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। बुजुर्ग और महिलाएं धरने पर बैठ गईं, इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग भी तार-तार हो गई। अस्पताल में लगभग दो घंटे तक हंगामा हुआ। पुलिस ने लाठियां फटकारीं तब जाकर लोग माने।
कॉल्विन अस्पताल में सोमवार को टीकाकरण के लिए चार सत्र निर्धारित थे। एक सत्र में 150 लोगों का टीकाकरण किया जाना था। इन लोगों में 45 वर्ष से अधिक आयु वाले वे लोग शामिल थे, जिन्हें कॉल्विन के टीकाकरण केंद्र पर कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी थी। दिन में 11 बजे तक अस्पताल परिसर में टीकाकरण कराने वालों भी भारी भीड़ एकत्र हो गई। लंबी-लंबी लाइन लगाए लोग कोरोना संक्रमण के प्रसार से बेखौफ होकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे थे।
इन्हीं लोगों में करीब 18 से 44 आयु वर्ग के दो सौ ऐसे लोग भी शामिल थे, जिन्हें पहली बार टीकाकरण कराने के लिए पोर्टल से स्लॉट एलॉट किया गया था, लेकिन उनका टीकाकरण केंद्र कॉल्विन अस्पताल नहीं था। टीकाकरण के लिए आए इन्हीं लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। उधर लाइन में खड़े टीका लगवाने आए बुजुर्ग, महिलाएं हंगामे से आक्रोशित हो गए और धरने पर बैठ गए, जिस पर आननफानन उनको टीका लगाया गया। सीएमएस डॉ. सुषमा श्रीवास्तव के मुताबिक पुलिस के पहुंचने के बाद किसी तरह व्यवस्था नियंत्रण में आई। अस्पताल के टीकाकरण केंद्र पर शाम छह बजे तक 770 लोगों का टीकाकरण किया गया। जबकि चार सत्रों में 600 लोगों को वैक्सीन लगाई जानी थी।