UPRTOU : राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 15 मार्च से
प्रोफेसर सिंह ने बताया कि प्रदेश में लगभग 130 परीक्षा केंद्रों पर 60,000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जेल में बंदी परीक्षार्थी प्रदेश के विभिन्न जेलों में बनाए गए केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की सत्र दिसंबर 2021 की परीक्षाएं 15 मार्च से प्रारंभ हो रही हैं। यह जानकारी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं 25 अप्रैल को समाप्त होंगी। पूरी परीक्षाएं 30 दिन में संपन्न होंगी।
प्रोफेसर सिंह ने बताया कि प्रदेश में लगभग 130 परीक्षा केंद्रों पर 60,000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जेल में बंदी परीक्षार्थी प्रदेश के विभिन्न जेलों में बनाए गए केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
कुलपति प्रोफेसर सिंह ने बताया कि 15 मार्च से 23 मार्च तक तीन पालियों में प्रात: 7:00 से 10:00 बजे तक प्रथम पाली, पूर्वाह्न 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक द्वितीय पाली तथा अपराह्न 3:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक तृतीय पाली में प्रमाण पत्र डिप्लोमा एवं स्नातकोत्तर डिप्लोमा आदि कार्यक्रमों की परीक्षा होगी।
इसके बाद 24 मार्च से 25 अप्रैल तक स्नातक एवं परास्नातक कार्यक्रमों की परीक्षा दो पालियों में प्रथम पाली में प्रात: 9:00 से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली में दोपहर 1:00 से 4:00 तक आयोजित की जाएगी। प्रोफेसर सिंह ने बताया कि इस बार परीक्षा सामान्य प्रश्न पत्रों की तरह निबंधात्मक शैली में आयोजित होगी, जिसकी समयावधि 3 घंटे की रहेगी।
समय सारणी में जिन प्रश्न पत्रों के सम्मुख ओएमआर आधारित अंकित है, उन प्रश्न पत्रों की परीक्षा वस्तुनिष्ठ-बहुविकल्पीय होगी। ओएमआर आधारित प्रश्न पत्र की समयावधि 2 घंटा रहेगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा से संबंधित विवरण विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपडेट कर दिया गया है।
कुलपति प्रोफेसर सिंह ने बताया कि ऐसे परीक्षार्थी जो सत्र जून 2021 में कोविड-19 संक्त्रस्मण के कारण परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो सके, वे भी अपने कोविड-19 के संक्रमण प्रमाण पत्र के साथ बिना बैक शुल्क दिए परीक्षा सत्र दिसंबर 2021 में प्रतिभाग कर सकते हैं।
कुलपति प्रोफेसर सिंह ने ऐसे विद्यार्थियों को भी राहत दी है जो परीक्षा सत्र जून 2021 में प्रतिभाग किए हैं और अपने घोषित परीक्षा परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे विद्यार्थी आगामी परीक्षा में बैक परीक्षार्थी के रूप में निर्धारित शुल्क का भुगतान कर विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित नियमानुसार अपने अंको में सुधार करने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
ऐसे सभी परीक्षार्थी जो इन दोनों व्यवस्थाओं के अंतर्गत आते हैं। वह वेबसाइट पर उपलब्ध प्रोफार्मा पर समस्त सूचनाएं पूरित करते हुए परीक्षा विभाग में 7 मार्च 2022 तक अवश्य जमा कर दें। इसके पश्चात परीक्षा में शामिल होने वाले सभी शिक्षार्थियों के प्रवेश पत्र अपलोड कर दिए जाएंगे।
मुक्त विश्वविद्यालय में प्रमाण पत्र व डिप्लोमा में प्रवेश शुरू
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में सत्र जनवरी 2022 के लिए परास्नातक डिप्लोमा, डिप्लोमा प्रमाण पत्र एक जागरूकता कार्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह ने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया का शुभारंभ किया। अब प्रदेश के 12 क्षेत्रीय केंद्रों प्रयागराज, लखनऊ, बरेली, आगरा, मेरठ, नोएडा, झांसी, कानपुर, अयोध्या, आजमगढ़, वाराणसी तथा गोरखपुर के अंतर्गत आने वाले 1300 अध्ययन केंद्रों पर प्रवेश के इच्छुक शिक्षार्थी अपने मनपसंद कार्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं।
प्रवेश प्रभारी डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव ने बताया कि सत्र जनवरी 2022 में स्नातक एवं परास्नातक कार्यक्त्रस्मों को छोड़कर शेष प्रमाण पत्र, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा एवं जागरूकता कार्यक्रमों में प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रवेश प्रभारी डॉ. जीपी यादव, परीक्षा नियंत्रक डीपी सिंह, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. सतीश चंद्र जैसल, डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र एवं डॉ.अमरेंद्र कुमार यादव आदि उपस्थित रहे।